डेंटिस्ट पति की हैवानियत: दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी की रीढ़ की हड्डी तोड़ी, तीन तलाक देकर घर से निकाला
Triple Talaq : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बार फिर दहेज उत्पीड़न का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि दहेज में कार न मिलने पर उसके डेंटिस्ट पति और ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी तक टूट गई। इतना ही नहीं, पति ने उसे तीन तलाक (Triple Talaq ) देकर घर से बाहर निकाल दिया।
यह भी पढ़े :- Malaria Mukt Chhattisgarh Abhiyan : मलेरिया से अब आर-पार की लड़ाई, 16.77 लाख लोगों की होगी जांच
मार्च 2021 में हुआ था निकाह, लगातार कर रहे थे कार की मांग
सआदतगंज थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह मार्च 2021 में कैम्पबेल रोड निवासी डेंटिस्ट शादाब अख्तर सिद्दीकी से हुआ था। शादी में पीड़िता के मायके वालों ने 5 लाख रुपये नकद, जेवर और अन्य सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार कार की मांग कर रहे थे और न मिलने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
देवर ने की अश्लील हरकत, विरोध पर दी गई तलाक की धमकी
महिला ने आरोप लगाया कि उसका देवर अक्सर उससे अश्लील हरकतें करता था। जब उसने इस बारे में पति और सास से शिकायत की, तो उसे ही चुप रहने की धमकी दी गई। विरोध करने पर तलाक (Triple Talaq ) की धमकी दी जाती थी। महिला के अनुसार, उसका पति अक्सर नशे में होता था और जबरदस्ती करता था।
पिटाई के दौरान टूटी रीढ़ की हड्डी, बच्ची सहित घर से निकाला
पीड़िता ने बताया कि एक दिन पति ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। इसके बाद उसे और उसकी छोटी बच्ची को घर से निकाल दिया गया। वह मायके में रह रही थी, तभी पति दोबारा कार की मांग को लेकर वहां पहुंचा। परिजनों के समझाने के बावजूद उसने तीन बार ‘तलाक’ कहा और चला गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने डेंटिस्ट पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



