Google Analytics —— Meta Pixel

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कानून व्यवस्था को लेकर की बड़ी बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Deputy CM Sharma Meeting: छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा की अध्यक्षता में महानदी भवन के मंत्रालय में गृह विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुवा, DIG अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। दिनभर चली इस मैराथन बैठक में डिप्टी CM शर्मा ने पुलिस विभाग के अलग-अलग शाखाओं के कार्यों पर गहन चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी CM ने NDPS एक्ट के तहत जारी एसओपी के पालन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:- आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, चालीहो महोत्सव में होंगे शामिल

उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने पर उनकी संपत्ति को तत्काल कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पुलिस अधिकारी या कर्मचारी इस अवैध कारोबार में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत बर्खास्तगी समेत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डिप्टी CM शर्मा ने पुलिस विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए नवीन स्थानांतरण नीति को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए। डिप्टी CM ने कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए, जिससे विभागीय कार्यक्षमता में सुधार हो सके। (Deputy CM Sharma Meeting)

 

बैठक में डिप्टी CM ने शहीद जवानों के परिवारों को प्राथमिकता देते हुए अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शहीद हुए जवानों के “अमर बलिदानी स्मारक” का निर्माण उनकी परिवार की सहमति से प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि उनकी शहादत का सम्मान हर स्तर पर सुनिश्चित हो। चिटफंड कंपनियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों की समीक्षा करते हुए डिप्टी CM ने कहा कि ऐसी कंपनियों की बचे संपत्तियों की जल्द नीलामी की जाए और उससे प्राप्त राशि को प्रभावित निवेशकों के बीच शीघ्रता से वितरित किया जाए। (Deputy CM Sharma Meeting)

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिटफंड घोटालों से प्रभावित हर हितग्राही को न्याय सुनिश्चित किया जाए। तकनीकी और संरचनात्मक सुधारों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बैठक में 17 जिलों में डायल 112 सेवा के विस्तार, राज्य स्तरीय साइबर थाने की कार्यप्रणाली और साइबर अपराधों पर नियंत्रण को लेकर हुई प्रगति की समीक्षा की गई। मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए NDPS एक्ट के तहत किए गए अभियानों का आकलन किया गया। साथ ही पुलिस थानों के परिसीमन और नए थानों की स्थापना के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। (Deputy CM Sharma Meeting)

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने अभियान

बैठक में डिप्टी CM शर्मा ने यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ब्लैक स्पॉट्स के चिन्हांकन और उनके समाधान की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और नई तकनीकों के उपयोग पर बल दिया गया। डिप्टी CM ने स्कूलों में यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। डिप्टी CM ने पुलिस कर्मचारियों के कल्याण पर जोर देते हुए पुलिस पब्लिक स्कूलों की स्थापना, पुलिस आवास योजना और केपीकेबी कैंटीन की स्थिति की समीक्षा की। डिप्टी CM ने पुलिस विभाग के कार्यों को डिजिटाइजेशन के माध्यम से और अधिक पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। (Deputy CM Sharma Meeting)

कानून व्यवस्था में होगा सुधार: डिप्टी CM

डिप्टी CM ने कहा कि पुलिस प्रक्रियाओं और डाटा मैनेजमेंट को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही नई तकनीकों का अध्ययन करें और राज्य में लागू करने की योजना तैयार करें। बैठक के अंत में डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग का हर अधिकारी और कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने और विभागीय योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। डिप्टी CM ने पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि विभाग की सक्रियता से प्रदेश में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। (Deputy CM Sharma Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!