Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अब तक 110 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, CM साय ने कहा- पूरी पारदर्शिता के साथ खरीद रहे अन्नदाताओं के धान

CG Paddy Purchase 2025: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश में अब तक लगभग 110 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 21 लाख से ज्यादा किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 24 हजार 677 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी की शुरुआत 14 नवंबर 2024 से हुई थी, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं वरिष्ठ अधिकारी धान खरीदी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- गृहमंत्री विजय शर्मा ने कानून व्यवस्था को लेकर की बड़ी बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

प्रदेश के सभी पंजीकृत किसानों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान बेचने के लिए टोकन की सुविधा ऑनलाइन एप (टोकन तुंहर हाथ) और उपार्जन केंद्र में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते हैं। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स धान का उठाव भी तेजी से कर रहे हैं। धान उठाव के लिए लगभग 81 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 52 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27 लाख 78 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1 लाख 59 हजार नए किसान शामिल है। (CG Paddy Purchase 2025)

अवैध धान से भरे 34 वाहन जब्त

इस साल 2 हजार 739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हम पूरी पारदर्शिता के साथ अन्नदाताओं के धान को खरीद रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों से किसानों को भरपूर लाभ मिल रहा है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सबसे अच्छा मूल्य किसानों को मिल रहा है। वहीं बलरामपुर में कलेक्टर राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में जिले के 49 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। कलेक्टर ने सभी समिति केंद्रों में धान खरीदी से जुड़े हर पहलू की विस्तृत समीक्षा कर शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी के निर्देश दिए हैं। खाद्य अधिकारी के मुताबिक कुल 35 प्रकरणों में 1491.60 क्विंटल अवैध धान और 34 वाहन जब्त किया गया है। (CG Paddy Purchase 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!