Google Analytics —— Meta Pixel

Mahadev Betting App : महादेव बुक पर DGGI का बड़ा शिकंजा, ₹1.45 लाख करोड़ के कारोबार पर ₹40,603 करोड़ GST की मांग

Mahadev Betting App : चर्चित महादेव बुक ऑनलाइन बेटिंग एवं गेमिंग सिंडिकेट के खिलाफ डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की रायपुर जोनल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब चार साल की जांच के बाद विभाग ने कथित तौर पर ₹1.45 लाख करोड़ से अधिक के करयोग्य कारोबार का आकलन करते हुए ₹40,603.02 करोड़ से अधिक GST की मांग प्रस्तावित की है। इस संबंध में 26 अगस्त 2026 को दो अलग-अलग शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं।

DGGI रायपुर जोनल यूनिट की संयुक्त निदेशक शिवी सांगवान की ओर से जारी नोटिस में महादेव बुक के कथित संस्थापक और मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, प्रमुख सहयोगी रवि उप्पल समेत नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को नोटिसी बनाया गया है।

करीब 2 हजार पैनलों का नेटवर्क

DGGI की जांच के अनुसार, महादेव बुक केवल एक वेबसाइट या मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं था, बल्कि ऑनलाइन बेटिंग और मनी गेमिंग का बड़ा नेटवर्क था। जांच में क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस समेत विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य गेमिंग गतिविधियों के संचालन का आरोप सामने आया है। (Mahadev Betting App)

जांच के दौरान gold365.com, laser247.com, play247.win, 11xplay.com, betbook247.com, silverexch.com, cricketbet9 और Skyexchange समेत कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उल्लेख किया गया है। जांच में सामने आए बयानों के मुताबिक, नेटवर्क से करीब 2 हजार पैनल जुड़े होने की बात सामने आई है। एक पैनल के माध्यम से प्रतिदिन औसतन ₹5 लाख से ₹10 लाख तक की रकम जमा होने की जानकारी जांच में सामने आई।

DGGI के आकलन के अनुसार, सभी पैनलों को मिलाकर प्रतिदिन करीब ₹99 करोड़ की रकम जमा होने का अनुमान है।

व्हाट्सऐप के जरिए खिलाड़ियों से संपर्क का आरोप

जांच के मुताबिक, खिलाड़ी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए गए व्हाट्सऐप नंबरों के माध्यम से संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें अलग-अलग पैनल ऑपरेटरों से जोड़ा जाता था। बैंक खातों में रकम जमा होने के बाद खिलाड़ियों को बेटिंग क्रेडिट या प्वाइंट दिए जाने की बात जांच में सामने आई है।

DGGI ने थर्ड पार्टी, बेनामी और म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है। करीब चार साल की जांच के दौरान बैंकिंग लेन-देन, पैनल नेटवर्क, दस्तावेजों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर कथित करयोग्य आपूर्ति का मूल्य ₹14,50,10,77,48,260 यानी करीब ₹1.45 लाख करोड़ आंका गया है।

दो अवधियों में ₹40,603 करोड़ से ज्यादा की GST मांग

विभाग ने दो अलग-अलग अवधियों के लिए कुल ₹40,603.02 करोड़ से अधिक GST की मांग प्रस्तावित की है।

  • 1 अप्रैल 2020 से 30 सितंबर 2023: ₹35,517.22 करोड़
  • 1 अक्टूबर 2023 से 31 मार्च 2024: ₹5,085.80 करोड़

DGGI का आरोप है कि बड़े पैमाने पर ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग गतिविधियां संचालित होने के बावजूद संबंधित नेटवर्क ने GST पंजीयन नहीं कराया, रिटर्न दाखिल नहीं किए और कथित तौर पर कर का भुगतान नहीं किया।

सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल की भूमिका जांच के दायरे में

जांच में सौरभ चंद्राकर को महादेव बुक का कथित संस्थापक, मालिक और मुख्य प्रमोटर बताया गया है। वहीं रवि उप्पल को प्रमुख सहयोगी, मुख्य संचालक और सह-प्रमोटर के तौर पर कार्रवाई के दायरे में रखा गया है।

पैनल ऑपरेटरों के कथित बयानों में पैनलों से होने वाले मुनाफे का बड़ा हिस्सा नेटवर्क के ऊपरी स्तर तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है। कुछ बयानों में हेड ऑफिस का हिस्सा कुल मुनाफे का करीब 70 से 80 प्रतिशत तक बताए जाने का उल्लेख है।

97 लोगों को शो-कॉज नोटिस

DGGI की ओर से अलग-अलग अवधियों के लिए जारी दोनों शो-कॉज नोटिस में कुल 97 लोगों को नोटिसी बनाया गया है। इनमें कथित प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, प्रमुख सहयोगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग शामिल हैं। कुछ नाम दोनों नोटिसों में भी शामिल बताए गए हैं।

ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर में बड़ी GST कार्रवाई

करीब ₹1.45 लाख करोड़ के कथित करयोग्य कारोबार, लगभग 2 हजार पैनलों के नेटवर्क और ₹40 हजार करोड़ से अधिक की प्रस्तावित GST मांग के चलते यह मामला ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग क्षेत्र में बड़ी कर कार्रवाई के रूप में सामने आया है।

DGGI रायपुर जोनल यूनिट की ओर से ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर में इसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। विभाग के मुताबिक, कर चोरी से जुड़े मामलों की जांच अब फर्जी बिलिंग और फर्जी ITC तक सीमित नहीं रहेगी। ऑनलाइन गेमिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से होने वाली कथित कर चोरी की भी जांच की जाएगी। (Mahadev Betting App)

Back to top button
error: Content is protected !!