तमिलनाडु शराब कांड पर DMK नेता का बेतुका बयान, कहा- यह पूरे देश में हो रहा

DMK Leader Elangovan: तमिलनाडु में अवैध शराब पीने से हो रही मौतों को लेकर DMK नेता टी. के. एस. एलंगोवन ने बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश में हो रहा है। लोगों ने इसकी कम लागत के कारण इसे चुना। 2022 में गुजरात में अवैध शराब पीने से 43 लोगों की मौत हो गई। ऐसा उत्तरप्रदेश, बिहार और राजस्थान में भी हुआ है। यह सिर्फ तमिलनाडु तक सीमित नहीं है। लोगों को अपनी मानसिकता बदलने और यह समझने की जरूरत है कि मरने के बाद परिवार को ही तकलीफ होती है।
यह भी पढ़ें:- 20 साल से अशिक्षा का दंश झेल रहे मुदवेंडी में दिखने लगी उम्मीदों की किरण, नक्सल इलाकों में शिक्षा का उजियारा
उन्होंने कहा कि CM एमके स्टालिन ने दोषियों को सजा दिलाने के लिए सभी कदम उठाए हैं। अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच चल रही है। पुलिस अधिकारियों का तबादला और निलंबन किया गया। इधर, तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष एम अप्पावु ने विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डालने वाले AIADMK विधायकों को सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया। AIADMK विधायकों ने प्रश्नोत्तर सत्र स्थगित करने की मांग की थी और कल्लाकुरिची जहरीली शराब त्रासदी को लेकर नारे लगाए थे। (DMK Leader Elangovan)
तमिलनाडु विधानसभा में AIADMK विधायकों को पूरे विधानसभा सत्र से निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके बाद तमिलनाडु के विपक्ष के नेता एडप्पादी पलानीस्वामी और अन्य AIADMK विधायकों को पूरे विधानसभा सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब तक 58 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में 156 लोगों का इलाज जारी है। कल्लाकुरिची सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 110 लोगों का इलाज चल रहा है। (DMK Leader Elangovan)

बता दें कि तमिलनाडु में जहरीली शराब से मौत का सिलसिला 19 जून से शुरू हुआ था। पहले दिन 34 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें से 24 लोग एक ही गांव करुणापुरम के रहने वाले थे, जिनका 20 जून को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। वहीं 24 जून को मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 58 हो गया है। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है। 2008 में तमिलनाडु के कृष्णागिरि और कर्नाटक के कोलार के सीमावर्ती गांवों में जहरीली शराब पीने से करीब 180 लोगों की मौत हुई थी। इनमें से 60 कृष्णागिरी और बाकी कोलार-बेंगलुरु के रहने वाले थे। (DMK Leader Elangovan)



