DSP wife birthday stunt : डीएसपी की पत्नी का नीली बत्ती वाली गाड़ी पर बर्थडे सेलिब्रेशन, वीडियो वायरल; कांग्रेस का तंज—”इनके लिए नहीं नियम-कायदे”

DSP wife birthday stunt : अंबिकापुर। डीएसपी की पत्नी का नीली बत्ती लगी गाड़ी पर बोनट पर बैठकर बर्थडे मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डीएसपी की पत्नी और उनकी सहेलियां गाड़ी में खतरनाक तरीके से सवार नजर आ रही हैं। वीडियो सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित सरगवां पैलेस होटल का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, डीएसपी तस्लीम आरिफ वर्तमान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की 12वीं बटालियन में पदस्थ हैं। वायरल वीडियो में उनकी पत्नी एक नीली बत्ती लगे वाहन की बोनट पर बैठकर जन्मदिन मनाते हुए दिख रही हैं। बोनट पर केक सजाया गया था और वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है।

यह भी पढ़ें :- PMAY Chhattisgarh ranking : PMAY में रायगढ़ अव्वल, बिलासपुर दूसरे स्थान पर, 20 हजार से ज्यादा पक्के मकान बनकर तैयार
वीडियो में जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया है, उसका नंबर CG 15 EF 3978 है, जो सरगुजा पासिंग का निजी वाहन है। आरोप है कि इस निजी वाहन में डीएसपी द्वारा नीली बत्ती का इस्तेमाल किया गया। वीडियो में अन्य युवतियां गाड़ी के गेट पर खतरनाक ढंग से लटकी हुई दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि डीएसपी की पत्नी का मायका अंबिकापुर में है और वे यहीं जन्मदिन मनाने आई थीं। (DSP wife birthday stunt)
इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए लिखा—
“छत्तीसगढ़ में डीएसपी की पत्नी होने के अलग फायदे हैं। आपके लिए नियम-कायदे नहीं हैं। नीली बत्ती के दरवाजे खुले हैं, बोनट पर मेमसाहब सवार हैं, यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।” (DSP wife birthday stunt)
कांग्रेस का तंज है कि जब आम युवाओं द्वारा ऐसा किया जाता है तो उन्हें ‘छपरी’ कहकर तंज कसा जाता है, लेकिन अधिकारियों के परिजनों के लिए कोई सख्ती नहीं दिखाई जाती।
उधर, सरगुजा एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने कहा कि वीडियो देखा गया है, लेकिन यह वीडियो कहां का है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। साथ ही उन्होंने कहा कि डीएसपी सरगुजा में पोस्टेड नहीं हैं, इसलिए वे इस मामले में फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। (DSP wife birthday stunt)



