दुर्ग नन मामला संसद में गूंजा, विजय बघेल का कांग्रेस पर गंभीर आरोप – कहा, मानव तस्करी को अप्रत्यक्ष बढ़ावा दे रही कांग्रेस

रायपुर/नई दिल्ली – छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर कथित मानव तस्करी और धर्मांतरण के मामले ने अब राजनीति से लेकर संसद तक जोर पकड़ लिया है। बुधवार को दुर्ग से सांसद विजय बघेल ने इस मुद्दे को संसद में शून्यकाल के दौरान उठाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
क्या है पूरा मामला?
बस्तर की आदिवासी बेटियों को आगरा ले जाया जा रहा था, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि दो नन लड़कियों को रोजगार दिलाने के नाम पर ले जा रही थीं, लेकिन यह मामला धर्मांतरण और मानव तस्करी से जुड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर मौके पर विरोध हुआ और पुलिस ने दोनों ननों को हिरासत में लिया।
सांसद विजय बघेल के संसद में बयान
- जागरूक नागरिकों की सतर्कता से इन बेटियों को बचाया गया।
- कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा सामने आ चुका है।
- राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेता इन ननों के समर्थन में खड़े होकर अप्रत्यक्ष रूप से मानव तस्करी को बढ़ावा दे रहे हैं।
- कांग्रेस राज्य में अराजकता फैलाना चाहती है।
- न्याय प्रक्रिया पर दबाव न बनाएं, कानून को अपना काम करने दें।
आदिवासी बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि
विजय बघेल ने यह भी कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
राजनीतिक प्रतिक्रिया और बढ़ती बहस
इस मामले पर कांग्रेस नेताओं के समर्थन और विरोध दोनों सामने आ चुके हैं। बघेल के बयान से यह साफ हो गया है कि यह मामला अब सिर्फ कानून का नहीं, बल्कि बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन चुका है।



