ESMA लागू, धान खरीदी में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: कलेक्टर
धान खरीदी को पर्व की तरह मनाएं, अधिकारी-कर्मचारी पूरे मनोयोग से करें कार्य- कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। जिले के सभी 139 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के लिए व्यापक और पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। किसानों के लिए विश्राम कक्ष, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
यह भी पढ़े :- तेज रफ्तार कार ने बारातियों को रौंदा: 4 की मौत, 16 गंभीर घायल
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने धान खरीदी केन्द्रों में तैनात नोडल अधिकारियों, समिति प्रबंधकों, पटवारियों, कृषि विस्तार अधिकारियों, पंचायत सचिवों सहित संबंधित अमले की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “धान खरीदी वर्तमान शासन की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसे हम एक पर्व की तरह मनाएं। इस कार्य में जुटे सभी अधिकारी-कर्मचारी परिवार की तरह समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से काम करें। पहले भी महत्वपूर्ण योजनाओं और अभियानों को हम सबने मिलकर सफल बनाया है, इसे भी पूरी जिम्मेदारी से करेंगे।”
उन्होंने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अधिकारी तत्काल मार्गदर्शन प्राप्त करें। जिला प्रशासन द्वारा तकनीकी सहायता के लिए प्रशिक्षण वीडियो भी तैयार कराया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि शासन द्वारा ESMA (एस्मा) लागू किया गया है। धान खरीदी कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता या बाधा डालने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इसी प्रकार की सख़्ती जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, ताकि वे सहज रूप से धान विक्रय कर सकें।
बैठक में एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि धान खरीदी कार्य में सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें। धान खरीदी में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



