दिल्ली ब्लास्ट को NIA ने बताया फिदायीन हमला, डॉक्टरों के मॉड्यूल की खुली परतें

NIA on Delhi Blast: दिल्ली में लाल किले के पास चांदनी चौक क्षेत्र में 10 नवंबर को हुई हुंडई i20 कार ब्लास्ट को NIA ने सुसाइड अटैक करार दिया है। एजेंसी ने कहा कि कार चला रहा डॉ. उमर उल नबी ही आत्मघाती हमलावर था। यह पहली बार है जब किसी सुरक्षा एजेंसी ने इसे आधिकारिक रूप से फिदायीन हमला बताया है। सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां अब हमले से पहले डॉ. उमर की पूरी मूवमेंट को रीक्रिएट कर रही हैं। इसके लिए 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। रूट मैप से यह पता लगाया जाएगा कि फरीदाबाद से दिल्ली के बीच क्या कोई उसके संपर्क में आया, पीछा किया या मदद की।
यह भी पढ़ें:- तेज रफ्तार कार ने बारातियों को रौंदा: 4 की मौत, 16 गंभीर घायल
एजेंसियों का मानना है कि उमर ने NCR में कई घंटे बिताए और हर बिंदु को जोड़ना जरूरी है। धमाके वाली जगह से पुलिस ने 9 mm की 3 गोलियां बरामद की हैं, जिनमें दो जिंदा कारतूस हैं। हैरानी की बात यह है कि मौके से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। गोलियां वहां कैसे पहुंची, इसकी जांच जारी है। ये कारतूस वही रख सकते हैं, जिन्हें विशेष सुरक्षा अनुमति हो। आम नागरिकों को इसकी इजाजत नहीं। घटना स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के हथियार भी चेक किए गए, लेकिन किसी का कारतूस गायब नहीं था। जांच में यह सामने आया कि ब्लास्ट में 30-40 किलो विस्फोटक इस्तेमाल हुआ।

अमोनियम नाइट्रेट की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस को शक है कि धमाके की तीव्रता बढ़ाने के लिए इसमें अन्य केमिकल भी मिलाए गए। फॉरेंसिक टीमें इसकी विस्तृत जांच कर रही हैं। जांच अधिकारियों के मुताबिक विस्फोटक कार की पिछली सीट पर रखा था। धमाके के बाद कार का सिर्फ बोनट बच पाया, बाकी कार चूर-चूर हो गई। घटनास्थल से 500-600 मीटर के दायरे में कार के छोटे–छोटे टुकड़े मिले हैं। जांच में एक नया एंगल सामने आया है। डॉक्टर-इमाम की जगह अब ‘पेशेंट मॉड्यूल’ की पहचान हुई है। डॉ. मुजम्मिल, डॉ. शाहीन और डॉ. उमर मरीजों की मदद के बहाने ऐसा लोगों को चुनते थे, जिन्हें बाद में अपने काम में इस्तेमाल कर सकें। ये डॉक्टर मरीजों के घर जाते, परिवार को समझते और मदद के नाम पर उन पर प्रभाव बना लेते।
अल-फलाह यूनिवर्सिटी बनी मॉड्यूल का ठिकाना
ऐसे 3 केस सामने आ चुके हैं। ब्लास्ट में मदद करने वाले कई पेशेंट अब जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। डॉ. उमर की लाल ईको स्पोर्ट्स कार को छिपाने वाला युवक भी इस नेटवर्क का हिस्सा निकला। उसके पिता का इलाज डॉ. मुजम्मिल ने किया था। इसके बाद उसकी मुलाकात डॉ. शाहीन और उमर से करवाई गई। उसे अल फलाह यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलवाई गई और फिर उससे संदिग्ध सामान की ढुलाई कराई जाने लगी। फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी जांच एजेंसियों के केंद्र में आ गई है। डॉ. मुजम्मिल शकील और डॉ. शाहीन सईद ने बताया कि यूनिवर्सिटी का इस्तेमाल रैडिकलाइजेशन और लॉजिस्टिक कवर के तौर पर किया जाता था।

यूनिवर्सिटी में आतंकी छिपते, मीटिंग करते और हमले की योजना बनाते थे। कल जांच एजेंसी आमिर को भी कैंपस लेकर गई थी। ब्लास्ट में इस्तेमाल i20 कार आमिर के नाम पर रजिस्टर्ड थी। आमिर और उमर दोनों ने मिलकर धमाके की साजिश रची थी। दोनों कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस की जांच में यह सामने आया कि जैश समर्थित यह मॉड्यूल पिछले एक साल से फिदायीन हमलावर तैयार कर रहा था। काजीकुंड से पकड़े गए जसीर उर्फ दानिश ने बताया कि वह 2023 में इन डॉक्टरों से मिला था। डॉ. नबी ने महीनों तक उसे ब्रेनवॉश कर फिदायीन बनाने की कोशिश की। उसे अल फलाह यूनिवर्सिटी भी ले जाया गया था।
360 किलो विस्फोटक में क्यों हुआ धमाका ?
अप्रैल 2025 में जसीर ने आत्महत्या को हराम बताते हुए इनकार कर दिया। हमलावर न मिलने पर खुद डॉ. उमर नबी ने आत्मघाती हमले को अंजाम दिया। NIA ने धमाके के मामले में पहली गिरफ्तारी करते हुए आमिर राशिद अली को दिल्ली से पकड़ा है। आमिर ने ही डॉ. उमर को ब्लास्ट वाली कार दी थी। दोनों ने मिलकर कार को IED से लैस किया था। उमर धमाके में मारा गया। अब तक 73 लोगों से पूछताछ हो चुकी है। श्रीनगर में पुलिस स्टेशन में रखे 360 किलो विस्फोटक में हुए धमाके का कारण भी सामने आया है। फॉरेंसिक टीम सैंपल ले रही थी और उसी दौरान तेज हैलोजन लाइट की गर्मी से एसिटोफिनोन, हाइड्रोजन पेरॉक्साइड और सल्फ्यूरिक एसिड ने रासायनिक प्रतिक्रिया की। इससे धुआं उठा और छोटे स्तर का विस्फोट हुआ।

कश्मीर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने रोहतक निवासी डॉ. प्रियंका शर्मा को हिरासत में लिया था। उनका फोन जांच के लिए लिया गया है। बताया गया कि सहारनपुर से पकड़ा गया आतंकी डॉ. आदिल अहमद उनका सीनियर था। जांच अब साफ दिशा में बढ़ रही है। ब्लास्ट एक सोची-समझी आतंकी साजिश थी। डॉक्टरों के नेटवर्क ने यूनिवर्सिटी और मेडिकल पेशे का इस्तेमाल रैडिकलाइजेशन और लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए किया। NIA की जांच अब मॉड्यूल के सभी सदस्यों, मनी ट्रेल और सपोर्ट सिस्टम पर केंद्रित है। जांच के दौरान कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। (NIA on Delhi Blast)



