Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का बड़ा बयान, कहा- 2026 तक नक्सलवाद खत्म होना संभव नहीं 

Ex HM Tamradhwaj Sahu: छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 2026 तक देशभर से नक्सलवाद खत्म करने के दावे को चुनौती दी है। ताम्रध्वज साहू ने कहा है कि नक्सलवाद को मार्च 2026 तक खत्म करना संभव नहीं है और इस दिशा में अभी लंबा सफर तय करना बाकी है। साहू ने कहा कि 15 साल तक रमन सरकार ने नक्सल उन्मूलन के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए। जबकि हमारी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद को काफी हद तक सिमटा दिया गया था। हमने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 70 से ज्यादा कैंप स्थापित किए और विकास के व्यापक कार्य किए। 

यह भी पढ़ें:- झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के चलते 12 साल की बच्ची की मौत, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को एक पिनपॉइंट तक सीमित किया गया था और अगर हमारी सरकार फिर से आती तो उसे पूरी तरह समाप्त कर दिया जाता। उन्होंने भाजपा सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि वे कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का श्रेय ले रही है। ताम्रध्वज साहू ने कहा कि जो दबाव और रणनीति हमारी सरकार ने बनाई, उसी की वजह से आज नक्सलवाद कम हुआ है। डबल इंजन सरकार होते हुए भी नक्सलवाद को खत्म करना आसान नहीं है। पूर्व गृहमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और स्थानीय लोगों के विश्वास को नक्सल उन्मूलन की कुंजी बताते हुए कहा कि भूपेश सरकार ने विकास और विश्वास का जो नारा दिया, उसने नक्सल विरोधी अभियान को मजबूती दी। 

नक्सल उन्मूलन अभियान पर सियासी टकराव

ताम्रध्वज साहू के इस बयान के बाद प्रदेश में नक्सल उन्मूलन को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि पिछली सरकार में नक्सलवाद फला, फूला और बढ़ता गया। कांग्रेस की सरकार में इच्छाशक्ति की कमी थी। इच्छाशक्ति होती तो नक्सलवाद का सफाया हो जाता। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की रणनीति और उपलब्धियों पर जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद पर लगातार सफलता मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प है। हमारी सरकार भी इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। (Ex HM Tamradhwaj Sahu)

Back to top button
error: Content is protected !!