Google Analytics —— Meta Pixel

झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के चलते 12 साल की बच्ची की मौत, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Child Death in Pendra: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही एक बार फिर मासूम की जान पर भारी पड़ गई। पेंड्रा थाना क्षेत्र के सिलपहरी गांव के जोरान टोला में रहने वाली 12 साल की आदिवासी बच्ची खुशबू वाकरे की उल्टी-दस्त के दौरान झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने के चलते मौत हो गई। इलाज में देरी और लापरवाही के कारण बच्ची को बचाया नहीं जा सका। परिजनों के मुताबिक खुशबू को मंगलवार सुबह से उल्टी और दस्त की शिकायत थी। ऐसे में वे इलाज के लिए गांव में घूम-घूम कर इलाज करने वाले झोलाछाप डॉक्टर भगवानदास के पास पहुंचे। भगवानदास ने बच्ची को लगातार दवाइयां, इंजेक्शन और ग्लूकोज की बोतलें चढ़ाई, लेकिन इलाज के दौरान बच्ची की हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई।

यह भी पढ़ें:- राजधानी रायपुर में नर्स हत्या का खुलासा: दोस्त ही निकला हत्यारा

शाम तक जब खुशबू की स्थिति गंभीर हो गई और उसके बचने की संभावना कम दिखने लगी, तब भगवानदास ने परिजनों को उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध लगने पर जिला अस्पताल प्रबंधन ने पेंड्रा पुलिस को मर्ग मेमो जारी किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल की डॉक्टर नीलिमा कंवर ने बताया कि बच्ची को अत्यधिक उल्टी-दस्त हुआ था। सही समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसके शरीर में पानी की अत्यधिक कमी हो गई, जिससे उसकी मौत हुई। (Child Death in Pendra)

झोलाछाप डॉक्टरों पर नहीं हो रही ठोस कार्रवाई

बच्ची के पिता दीनदयाल वाकरे ने कहा कि हम तो चाहते थे कि हमारी बेटी ठीक हो जाए। सुबह से डॉक्टर भगवानदास के पास इलाज करवा रहे थे। उन्होंने दवाइयां दी, इंजेक्शन लगाया और बोतल चढ़ाई, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई। जब तक अस्पताल पहुंचे, तब तक वो दुनिया छोड़ चुकी थी। बता दें कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में झोलाछाप डॉक्टरों का जाल लंबे समय से फैला हुआ है। ग्रामीण इलाकों में ये कथित डॉक्टर बिना किसी वैध डिग्री और प्रशिक्षण के इलाज करते हैं। पहले भी कई मामलों में इनके गलत इलाज के चलते लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन आज तक प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और झोलाछाप डॉक्टरों की मौजूदगी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण जन अब झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!