Google Analytics —— Meta Pixel

वार्ड बॉय से डॉक्टर बना युवक, फर्जी डिग्री के दम पर मरीजों की जिंदगी से करता रहा खिलवाड़, अंतरराज्यीय नेटवर्क बेनकाब

Fake Doctor Network: राजस्थान SOG ने फर्जी डिग्रियां तैयार कर बेचने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि महज 11वीं पास युवक ने फर्जी MBBS, MD गायनेकोलॉजी और DMRD की डिग्रियों के सहारे न सिर्फ मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया, बल्कि दिल्ली के प्रतिष्ठित सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर भी काम किया। आरोपी दिल्ली के कई अस्पतालों में सोनोग्राफी भी करता रहा। इस पूरे फर्जीवाड़े में चार लोगों की भूमिका सामने आई है, जिन्हें अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। जांच में 30 से 40 विश्वविद्यालयों के नाम सामने आए हैं और करीब 200 से 300 लोगों को फर्जी डिग्रियां बांटे जाने की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें:- परिसीमन पर मोदी सरकार का बड़ा दांव, 30 नवंबर को सदन में खुलेगा सियासी पिटारा, विपक्ष की क्यों बढ़ी बेचैनी ?

इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी रामकिशोर महावर है। उसकी वास्तविक पढ़ाई महज 11वीं तक हुई थी। शुरुआत में उसने राजस्थान के दौसा, बालोतरा और बयाना के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में काम किया। इस दौरान उसे मेडिकल क्षेत्र की कार्यप्रणाली और अल्ट्रासाउंड से जुड़े काम का अनुभव मिला। इसके बाद उसने एक व्यक्ति के माध्यम से उत्तर प्रदेश के रामा मेडिकल कॉलेज की MBBS डिग्री की PDF हासिल की। आरोप है कि इस दस्तावेज में बदलाव कर अपने नाम से फर्जी डिग्री तैयार कर ली। इसी के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करा लिया। इतना ही नहीं, दौसा के खेड़ला स्थित एक निजी अस्पताल में करीब 15 दिन तक डॉक्टर के रूप में काम किया।

वार्ड बॉय से जूनियर रेजिडेंट तक पहुंचा

रामकिशोर का अगला पड़ाव दिल्ली बना। अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक उसने सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में काम किया। इसी दौरान सोशल मीडिया पर बैकडेट में शैक्षणिक डिग्रियां उपलब्ध कराने का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया। व्हाट्सएप के जरिए हुए सौदे में करीब साढ़े छह लाख रुपए देकर 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की डिग्रियां हासिल कीं। उसे तमिलनाडु बोर्ड की 12वीं और सिक्किम मणिपाल विश्वविद्यालय की MBBS के साथ MD की डिग्रियां उपलब्ध कराई गईं। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में भी रजिस्ट्रेशन हासिल कर लिया। इसके बाद जून 2025 में सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम शुरू कर दिया। यानी जो व्यक्ति कुछ समय पहले अस्पताल में वार्ड बॉय और नर्सिंग असिस्टेंट के रूप में काम कर रहा था, वह कथित फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर की भूमिका तक पहुंच गया। (Fake Doctor Network)

सोनोग्राफी के लिए भी बनवाई फर्जी DMRD डिग्री

रामकिशोर ने फर्जी डिग्रियों के जरिए मेडिकल क्षेत्र में अपनी पहुंच और बढ़ाने की कोशिश की। इस बार उसने मेडिकल एजुकेशन, नई दिल्ली के नाम से सोशल मीडिया पर चल रहे विज्ञापन के जरिए संपर्क किया। करीब साढ़े पांच लाख रुपए में DMRD यानी डिप्लोमा इन मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस की डिग्री बनवाने का सौदा हुआ। आरोपियों ने सात दिन में डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध कराने और उसे दिल्ली मेडिकल काउंसिल के पुराने रजिस्ट्रेशन में जुड़वाने का भरोसा दिया। SOG के मुताबिक डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध होने के बाद रामकिशोर दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा। जांच में महाराष्ट्र के सरकारी मेडिकल कॉलेज मिराज से संबंधित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में भी पंजीयन कराने की बात सामने आई है। (Fake Doctor Network)

4 लोगों के नेटवर्क से चलता था पूरा कारोबार

राजस्थान SOG की जांच में सामने आया कि यह किसी एक व्यक्ति का फर्जीवाड़ा नहीं, बल्कि संगठित नेटवर्क था। इसमें चार लोगों की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय थी। रामकिशोर महावर फर्जी डिग्रियां खरीदकर खुद डॉक्टर बना और अस्पतालों में चिकित्सकीय कार्य करने लगा। सत्यजीत पाणिग्रही फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था और डिग्रियों का सौदा तय करता था। मनीष मांजी अलग-अलग विश्वविद्यालयों की मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करवाने का काम करता था, जबकि खुर्रम तौफिक फर्जी डिग्रियों को संबंधित विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाने में मदद करता था। खास बात यह है कि इस नेटवर्क के आरोपी फर्जी डिग्रियों के लेनदेन के दौरान एक-दूसरे से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिलते थे। दस्तावेजों के साथ पैसों का लेनदेन भी ऑनलाइन किया जाता था। इस तरह ग्राहकों को सिर्फ फर्जी प्रमाणपत्र ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन रिकॉर्ड और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन तक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी।

5 राज्यों तक फैला नेटवर्क, 4 आरोपी गिरफ्तार

नेटवर्क तक पहुंचना SOG के लिए चुनौतीपूर्ण था। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए तकनीकी सुरक्षा उपायों और फायरवॉल का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के बाद राजस्थान SOG ने अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की। मुंबई से सत्यजीत पाणिग्रही, मध्य प्रदेश के ग्वालियर से मनीष मांजी और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से खुर्रम तौफिक को गिरफ्तार किया गया। वहीं रामकिशोर महावर को भी गिरफ्तार किया गया है। उसे ट्रांजिट वारंट के जरिए जयपुर लाए जाने की कार्रवाई की गई। इस तरह अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। SOG के एडीजी विशाल बंसल के मुताबिक इस नेटवर्क की कड़ियां पांच राज्यों तक फैली हुई हैं और जांच अभी जारी है। जांच के दौरान फर्जी डिग्री कारोबार का दायरा और बड़ा सामने आया है। मैसूर विश्वविद्यालय, आंध्र विश्वविद्यालय, अन्ना विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज समेत कई संस्थानों के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा राजस्थान के जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी और भगवंत विश्वविद्यालय सहित करीब 30 से 40 अन्य विश्वविद्यालयों और संस्थानों की डिग्रियों की भी जांच की जा रही है।

विश्वविद्यालयों और मेडिकल काउंसिलों के लिए एडवाइजरी

SOG के मुताबिक इस नेटवर्क के जरिए 10वीं, 12वीं, BA, BEd, BSc, MA, MSc, BTech, MBBS, MD, MS, BAMS और DMRD जैसी डिग्रियां उपलब्ध कराई जाती थीं। यहां तक कि PhD की फर्जी डिग्रियां भी तैयार कराने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में करीब 200 से 300 लोगों को फर्जी डिग्रियां दिए जाने का पता चला है। हालांकि यह संख्या और बढ़ सकती है। अलग-अलग डिग्रियों के लिए अलग-अलग रकम वसूली जाती थी। अब SOG यह पता लगाने में जुटी है कि इन प्रमाणपत्रों के आधार पर कितने लोगों ने सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी हासिल की और कितने लोग मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इस खुलासे के बाद राजस्थान SOG ने विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल काउंसिलों को डिग्रियों के सत्यापन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सिर्फ ऑनलाइन या ईमेल के आधार पर किसी डिग्री को सत्यापित मानने के बजाय ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जांच करने की बात कही गई है। (Fake Doctor Network)

फर्जी डिग्री नहीं, मरीजों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर खतरा

रजिस्टर्ड डाक और व्यक्तिगत सत्यापन जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है। रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, कॉलेज कोड, अंकतालिका और डिग्री के सीरियल नंबर का आपस में मिलान करना भी जरूरी बताया गया है। मेडिकल डिग्रियों के मामले में संबंधित मेडिकल काउंसिल और नियामक संस्थाओं के रिकॉर्ड से भी सत्यापन करने पर जोर दिया गया है। इस पूरे मामले ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस व्यक्ति की वास्तविक शैक्षणिक योग्यता 11वीं तक थी, वह फर्जी MBBS और MD डिग्रियों के आधार पर अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट बन गया और सोनोग्राफी जैसी मेडिकल जांच भी करने लगा। सबसे बड़ा सवाल उन मरीजों की सुरक्षा का है, जिन्होंने ऐसे फर्जी डॉक्टरों पर भरोसा कर इलाज कराया होगा। गलत मेडिकल जानकारी, जांच या इलाज किसी मरीज की जिंदगी के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। फिलहाल राजस्थान SOG इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और फर्जी डिग्रियों के आधार पर नौकरी या मेडिकल प्रैक्टिस करने वालों का पता लगाने में जुटी है। आने वाले दिनों में जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!