BJP के विधानसभा घेराव पर एक्शन, 100 नेताओं-कार्यकर्ताओं पर FIR

FIR on BJP Leaders: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में BJP के विधानसभा घेराव को लेकर पुलिस ने एक्शन लिया है। बता दें कि पुलिस ने 100 से ज्यादा BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। दरअसल, रायपुर में 15 मार्च को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव किया था। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हुई थी। कुछ जगहों पर तोड़फोड़ के हालात बने। इन्हीं मामलों पर अब पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh BJP : संवाद के माध्यम से बूथों को सशक्त करेगी भाजपा

बता दें कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केस दर्ज करवाया है। भाजपा नेताओं पर ASP-DSP रैंक के अधिकारियों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल करने और कुछ जगहों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 50-50 अलग कार्यकर्ताओं के समूह पर दो FIR दर्ज की गई है। धारा 147 के तहत नगर निगम जोन 9 के अफसरों ने केस दर्ज कराया है। FIR में लिखा है कि विधानसभा में PWD विभाग के बांस बल्ली और टीन शेड के बैरिकेड पिरदा चौक पर लगाए गए थे। सभी जगहों पर बांस बल्ली और टिन शेड बैरिकेड के और लोहे के डिवाइडर को तोड़कर सरकारी संपत्ति को भाजपा नेताओं ने नुकसान पहुंचाया है। (FIR on BJP Leaders)

बताया जा रहा है कि दूसरी FIR में धारा 147, 332, 353 और 186 के तहत विधानसभा थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस की ओर से ही लिखी गई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता विधानसभा घेराव करने पहुंचे थे । रिंग रोड नंबर 3 से लगे हुए पिरदा चौक मैदान में सभा के आयोजन के बाद करीबन 10 हजार लोग इस सभा में शामिल हुए। इसके बाद सभी विधानसभा घेराव करने निकले। पिरदा चौक के पास इन्हें रोका गया, लेकिन कार्यकर्ता पुलिस के काम में बाधा पहुंचा कर ASP विवेक शुक्ला, ASP राहुल देव शर्मा, DSP गुरजीत सिंह, इंस्पेक्टर नितेश ठाकुर, कॉन्स्टेबल दिलीप जांगड़े, एंटी क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल शेख आदिल, कॉन्स्टेबल दीपक पांडे कॉन्स्टेबल मोहन तिवारी जैसे पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करके उन्हें चोट पहुंचाई है। (FIR on BJP Leaders)

वहीं पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इन मामलों में BJP कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी भी की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग पुलिस के पास मौजूद है। अलग-अलग वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा है और कार्यकर्ताओं की पहचान की जा रही है। दूसरी तरफ खबर ये भी है कि रिपोर्ट दर्ज होने की खबर मिलते ही बहुत से भाजपा कार्यकर्ता अंडर ग्राउंड हो गए हैं। विधानसभा घेराव के दौरान जीरो पॉइंट से लगे एक बैरिकेड के पास बड़ी तादाद में कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई थी। एक पुलिसकर्मी को इस दौरान स्मोक बम का गोला भीड़ पर फेंकते देखा गया, जो भाजपा कार्यकर्ताओं पर फट पड़ा। इस घटना में दो भाजपा कार्यकर्ताओं को बुरी तरह से चोट भी लगी थी। (FIR on BJP Leaders)

Related Articles

Back to top button