पश्चिम बंगाल के दो गोदामों में भीषण आग, 8 मजदूरों की मौत, कई लापता

Fire in West Bengal: पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया, जहां बारुईपुर इलाके में स्थित दो गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मजदूरों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आग सोमवार सुबह करीब 3 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आग बुझने के बाद भी गोदाम के कुछ हिस्सों से शाम तक धुआं और लपटें निकलती रही, जिससे राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कत आई।
यह भी पढ़ें:- गणतंत्र दिवस पर भी नहीं लहराया तिरंगा, अबूझमाड़ में आज भी डर के साए में देशभक्ति
शाम करीब 5 बजे तीन शव बरामद किए गए। इसके बाद तलाशी अभियान के दौरान पांच और शव मिले, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। बारुईपुर SP शुभेंदु कुमार ने बताया कि सभी शव बुरी तरह झुलसे हुए हैं, जिससे उनकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं है। आग इतनी भयावह थी कि गोदामों में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के लगभग 7 घंटे बाद भी कई हिस्सों से लपटें उठती रही, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे में चार मजदूरों ने समय रहते फैक्ट्री से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। (Fire in West Bengal)
शुरुआत में 6 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन परिजनों का कहना है कि लापता मजदूरों की संख्या 10 से ज्यादा हो सकती है। बताया गया है कि इन गोदामों में एक डेकोरेटिंग कंपनी और एक लोकप्रिय मोमो चेन के मजदूर काम करते थे। ये मजदूर गोदाम परिसर में बने अस्थायी कमरों में ही रहते थे। मृतक और लापता मजदूर पुरबा मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और साउथ 24 परगना जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बीजेपी विधायक अशोक डिंडा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आधी रात को गोदाम का मुख्य गेट बंद था, जिसके कारण कई मजदूर बाहर नहीं निकल सके और अंदर फंस गए।
दीवारें तोड़कर निकाला गया धुआं
राज्य के बिजली मंत्री आरूप बिस्वास ने बताया कि घना धुआं हटने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि अंदर कोई और फंसा है या नहीं। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोलकाता नगर निगम की डिमोलिशन टीम को बुलाया गया और दीवारें तोड़कर धुआं बाहर निकालने की व्यवस्था की गई। दमकल मंत्री सुजीत बोस ने कहा कि फायर सेफ्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि साल में दो बार फायर ऑडिट होता है, लेकिन नियमों का पालन कराना मालिकों और कंपनी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। (Fire in West Bengal)

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी आग की घटना में सरकार की असंवेदनशीलता और आपदा प्रबंधन में तालमेल की कमी साफ नजर आई। मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी गणतंत्र दिवस की छुट्टी मना रहे थे। बता दें कि इससे पहले 30 अप्रैल 2025 को मध्य कोलकाता के एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे में 2 महिलाएं और 1 बच्चा भी शामिल थे। उस समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजे का ऐलान किया था। (Fire in West Bengal)




