भिलाई में पीएचडी शोधार्थियों से लाखों की धोखाधड़ी, कनिष्ठ सलाहकार ने हड़पे 9 लाख 44 हजार रुपए

Fraud Against PhD Scholars: भिलाई के छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) में पीएचडी शोधार्थियों से फीस के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर नेवई पुलिस ने कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को पीएचडी पंजीकृत शोधार्थियों से फीस वसूली में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति ने प्रारंभिक जांच की। जांच में पता चला कि सुनील कुमार प्रसाद ने शोधार्थियों से कुल 9 लाख 44 हजार 500 रुपए की नकदी वसूली की और उन्हें फर्जी रसीदें प्रदान की।
यह भी पढ़ें:- कुएं में मिली नवविवाहिता की लाश, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, बच्चे की मन्नत मांगकर लौटी थी घर
रिपोर्ट के मुताबिक हर शोधार्थी को PhD जमा शुल्क के रूप में 30,000 रुपए की फर्जी रसीदें दी गई। आरोपी ने शोधार्थियों को विश्वास दिलाया कि उनकी फीस विश्वविद्यालय के खाते में जमा कर दी गई है, जबकि वास्तव में यह राशि आरोपी ने हड़प ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसका मेमोरेंडम बयान लिया और संबंधित दस्तावेज जब्त किए। 9 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। पुलिस अब इस मामले में अन्य संलिप्त अफसरों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपी ने अपने बयान में कुछ तत्कालीन अफसरों के नाम लिए थे, जिनकी जांच भी जारी है। (Fraud Against PhD Scholars)
विश्वविद्यालय में धोखाधड़ी से हड़कंप
इस मामले का खुलासा होते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और शोधार्थियों में हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय ने तुरंत लिखित शिकायत पुलिस को सौंपकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी शुल्क रसीदें और पीएचडी विभाग से संबंधित अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आए सभी पहलुओं की पूरी तरह से पड़ताल की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि वह दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा और भविष्य में ऐसे किसी भी मामले को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करेगा। (Fraud Against PhD Scholars)



