कुएं में मिली नवविवाहिता की लाश, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, बच्चे की मन्नत मांगकर लौटी थी घर

Suspicious Death of Newlywed: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक नवविवाहिता का शव घर के ही कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया है। बच्चा न होने को लेकर ससुराल में तनाव की बात सामने आ रही है। मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला राजपुर थाना क्षेत्र के कर्रा ग्राम पंचायत का है। मृतिका की पहचान 24 साल की शीला लकड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शीला की शादी दो साल पहले हुई थी, लेकिन अब तक कोई संतान नहीं होने के कारण परिवार में तनाव बना हुआ था।
यह भी पढ़ें:- अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर तीखा हमला, मनरेगा से लेकर पीएम आवास तक किए बड़े दावे
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले ही शीला अपने पति के साथ अंबिकापुर गई थी, जहां संतान प्राप्ति के लिए पूजा-पाठ और इलाज कराया गया। इसके बाद दोनों वापस घर लौटे थे। घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1:00 से 1:30 बजे की बताई जा रही है। रात में खाना खाने के बाद शीला सोने चली गई थी। देर रात जब उसका पति अचानक उठा तो उसने पत्नी को बिस्तर पर नहीं पाया। इसके बाद घर में उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं भी शीला का पता नहीं चला। इसी दौरान घर का कुत्ता लगातार कुएं की ओर जाता रहा। कुत्ते की हरकत पर जब परिवार वालों ने टॉर्च की रोशनी से कुएं में झांककर देखा तो शीला की लाश पानी में तैरती हुई नजर आई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। (Suspicious Death of Newlywed)
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका के मायके वाले भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चा न होने को लेकर शीला को प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। (Suspicious Death of Newlywed)
कोरबा में पति ने पत्नी की फावड़े से की हत्या
पुलिस का कहना है कि मामले में आत्महत्या, हादसा और हत्या तीनों एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, कोरबा जिले से भी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र में एक पति ने बच्चे नहीं होने और चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतिका की पहचान रंजना यादव के रूप में हुई है। रंजना की शादी करीब 10 से 12 साल पहले तुलसी यादव से हुई थी। संतान न होने और शक की वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। रविवार शाम विवाद के दौरान तुलसी यादव ने गुस्से में फावड़े से पत्नी के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे रंजना गंभीर रूप से घायल हो गई। (Suspicious Death of Newlywed)
महिलाओं के खिलाफ अपराध में बढ़ोतरी
परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद आरोपी पति फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। NCRB की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। 2023 में 1 लाख 33 हजार 676 मामले पति या रिश्तेदार के क्रूरता के दर्ज हुए। वहीं घरेलू विवाद, पारिवारिक तनाव और महिला विरोधी हिंसा के कारण दर्ज कुल अपराध 4 लाख 48 हजार 211 थे। हालांकि रिपोर्ट में संतान न होने जैसी व्यक्तिगत वजहें अलग श्रेणी में नहीं आती हैं, लेकिन ऐसे कारणों से उत्पन्न तनाव अक्सर घरेलू हिंसा, क्रूरता या आत्महत्या के मामलों में दिखाई देता है।



