ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैला नशे का नेटवर्क बेनकाब, महासमुंद में 4 करोड़ 75 लाख का गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Ganja Smuggling in Mahasamund: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 950 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त आईचर ट्रक, मोबाइल और नकद राशि भी जब्त की गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने 4 करोड़ 90 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है। दरअसल, जिले में ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- बस हादसे में 10 की मौत: मुख्यमंत्री ने घोषित की आर्थिक सहायता
इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स फोर्स की ओर से एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन अपनाते हुए गांजा सप्लाई के पूरे नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में सोर्स से लेकर डिस्ट्रीब्यूशन प्वाइंट तक जांच की जा रही है। इस बीच कोमाखान क्षेत्र में सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय भोरजे (26) और शुभम आरटे (24) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के जालना जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त थे और ओडिशा से गांजा लाकर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई कर रहे थे। (Ganja Smuggling in Mahasamund)
4 दिन पहले 75 लाख का गांजा हुआ था बरामद
मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक को पकड़ने के लिए विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। वहीं 4 दिन पहले एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बसना पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे 53 के पलसापाली बैरियर पर चेकिंग के दौरान तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 150 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 75 लाख रुपए बताई गई। तस्करों ने गांजे को कार की सीटों, डिक्की और स्पेयर व्हील एरिया में इस तरह छिपाया था कि पुलिस को चकमा दिया जा सके। सीटों के नीचे लोहे के बॉक्स बनाकर छोटे-छोटे पैकेट ठूंसे गए थे, जिन्हें खाकी रंग के टेप से लपेटा गया था ताकि गंध बाहर न आए। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते उनका पैंतरा काम नहीं आया।
जिले में लगातार हो रही सख्त कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो वाहन (कीमत 20 लाख रुपए) और तीन मोबाइल (कीमत 15 हजार रुपए) जब्त की, जिसकी कुल कीमत 95 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर बेचने जा रहे थे। जिले में पिछले एक महीने के भीतर एंटी नारकोटिक्स कार्रवाई के तहत 17 प्रकरणों में 1918 किलो 610 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 9 करोड़ 51 लाख 33 हजार रुपए बताई जा रही है। गांजा के अलावा 146 कोडीन सिरप बरामद की गई है, जिसकी कीमत 28 हजार 900 रुपए बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त 19 वाहन भी पकड़ा गया, जिसकी कीमत 69 लाख 65 हजार रुपए हैं। इस दौरान 40 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अधिकांश गांजा ओडिशा से निकलकर अलग-अलग राज्यों की ओर ले जाया जा रहा था।
बॉर्डर चेकिंग और नाकाबंदी तेज
जिले में आबकारी एक्ट के तहत 13 प्रकरणों में 1732 लीटर 300 एमएल अवैध शराब जब्त की गई है, जिसके तहत 121 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जिले की सीमाओं और बॉर्डर एरिया में संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। इंटर स्टेट नाकों को सक्रिय करते हुए लगातार नाकाबंदी और सघन जांच की जा रही है, ताकि गांजा तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। बता दें कि महासमुंद से 2 नेशनल हाईवे होकर गुजरते हैं, जिसकी वजह से गांजा तस्कर इसी रास्तों का ज्यादा उपयोग करते हैं, क्योंकि नेशनल हाईवे पर ज्यादा चेकिंग नहीं होती। जानकारी के मुताबिक महासमुंद के जेल में सबसे ज्यादा गांजा तस्करी के ही कैदी मौजूद है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)



