Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार, बीजापुर में 6 नक्सली ढेर, गरियाबंद में 9 ने किया सरेंडर

Naxalism in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में जवानों ने 4 महिला नक्सलियों समेत 6 नक्सलियों को मार गिराया। वहीं दूसरी ओर गरियाबंद जिले में 9 नक्सलियों ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया है। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर के बीजापुर नेशनल पार्क क्षेत्र में डीआरजी के जवान नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे। 17 जनवरी की सुबह नक्सली लीडर पापाराव और उसके साथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद फोर्स को रवाना किया गया। इसी दौरान जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें नेशनल पार्क एरिया कमेटी चीफ दिलीप वेंडजा, एरिया कमेटी मेंबर पालो पोड़ियम, माड़वी कोसा और पीएम जुगलो वंजाम मारे गए।

यह भी पढ़ें:- ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैला नशे का नेटवर्क बेनकाब, महासमुंद में 4 करोड़ 75 लाख का गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद 18 जनवरी को चलाए गए सर्च ऑपरेशन में दो और शव मिले, जिससे मारे गए नक्सलियों की संख्या 6 हो गई। हालांकि 2 नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, पुलिस जांच में जुटी है। जवानों ने मौके से 2 AK-47, 1 INSAS, 1 कार्बाइन और 1 .303 राइफल बरामद की है, जिस इलाके में मुठभेड़ हुई, वह खूंखार नक्सली पापाराव का गढ़ माना जाता है। पापाराव नेशनल पार्क क्षेत्र का इंचार्ज है और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZCM) का इकलौता सदस्य है। इस बीच तेलंगाना बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि मुठभेड़ में पापाराव मारा गया है। हालांकि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

ये नक्सली हुए ढेर

 

डेढ़ साल में 23 बड़े नक्सली ढेर

पिछले डेढ़ साल में 23 बड़े नक्सली या तो मारे गए या संगठन से बाहर हुए हैं। इनमें माड़वी हिड़मा, बसवराजू, गणेश उइके जैसे कुख्यात नाम शामिल हैं। भूपति, रूपेश और रामधेर जैसे नक्सलियों ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ हथियार डाल दिए हैं। फिलहाल पोलित ब्यूरो में सिर्फ देवजी, मिशिर बेसरा और गणपति बचे हैं। दूसरी बड़ी खबर गरियाबंद जिले से सामने आई है, जहां अंतिम पंक्ति में सक्रिय 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 6 महिला और 3 पुरुष नक्सली शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर कुल 45 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वे अपने साथ 3 AK-47, 2 SLR और 1 .303 राइफल लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे नक्सली एक वाहन में सवार होकर जिला मुख्यालय पहुंचे और IG अमरेश मिश्रा के सामने हथियार डाले। (Naxalism in Chhattisgarh)

गणतंत्र दिवस पर नक्सल मुक्त घोषित होने की संभावना

सरेंडर से एक दिन पहले SP वेदव्रत सिरमौर्य राजा डेरा गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों से मुलाकात की थी। इसके बाद नक्सलियों ने मध्यस्थों के जरिए घर वापसी की इच्छा जताई। सरेंडर करने वालों में बलदेव, अंजू सरुपा, रतना, गोविंदा उर्फ रंजिता, सोनी उर्फ बुधरी, उर्षा, नविता और डमरु शामिल हैं। हालांकि ओडिशा सीमा पर सक्रिय नक्सली उषा ने अब तक आत्मसमर्पण नहीं किया है। IG अमरेश मिश्रा ने कहा कि गरियाबंद को औपचारिक रूप से अभी नक्सल मुक्त घोषित नहीं कर सकते, लेकिन यह तय है कि जिले में सक्रिय नक्सलियों की सूची अब खाली हो चुकी है। 9 नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद गरियाबंद जिला नक्सल मुक्त होने के बेहद करीब पहुंच गया है। संभावना है कि गणतंत्र दिवस पर जिले को नक्सल मुक्त घोषित किया जा सकता है।

बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और गरियाबंद में हथियारों के साथ हुए सामूहिक आत्मसमर्पण ने साफ कर दिया है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है, जहां एक ओर सुरक्षा बलों की सख्ती से जंगलों में नक्सली नेटवर्क टूट रहा है तो दूसरी ओर सरकार की नीति और संवाद से भटके लोग मुख्यधारा में लौट रहे हैं और यही संकेत है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अब सवाल सिर्फ इतना है कि जंगल में बचे चंद नक्सली कब तक छिप पाएंगे ? क्योंकि सरकार ने साफ कहा है कि जो मुख्यधारा में नहीं लौटेंगे उन्हें बंदूक से जवाब दिया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!