छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडर की किल्लत पर सरकार ने स्पष्ट की स्थिति, कहा- प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक, जमाखोरी पर कार्रवाई तेज

Gas Cylinder in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच राज्य सरकार और जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि वर्तमान स्थिति वैश्विक परिस्थितियों और अफवाहों के कारण बनी है। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है। सरकार जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई कर रही है। लोग थोड़ा धैर्य रखें और अफवाहों में ना आएं।
राज्य शासन के मुताबिक घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। 12 मार्च को मुख्य सचिव विकास शील ने खाद्य विभाग और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद 13 मार्च को खाद्य विभाग के संचालक की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नियंत्रण और मॉनिटरिंग समिति भी गठित की गई है। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के विभाग की बैठक में भी जानकारी दी गई कि देश में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। (Gas Cylinder in Chhattisgarh)
प्रदेश में 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांट
छत्तीसगढ़ में इंडियन ऑयल के 2, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के 2 और भारत पेट्रोलियम का 1 यानी कुल 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांट संचालित हैं। इन प्लांटों में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और पूरी क्षमता से बॉटलिंग का काम किया जा रहा है। इन प्लांटों से राज्य के 540 एलपीजी वितरकों को नियमित रूप से रिफिल सिलेंडर भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में 2,465 पेट्रोल-डीजल पंपों के माध्यम से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। घरेलू गैस की जमाखोरी रोकने के लिए खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। अब तक 102 जगहों से कुल 741 गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। रायपुर जिले में सबसे ज्यादा 392 और बिलासपुर जिले में 130 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
सूरजपुर में अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़
सूरजपुर जिले के बड़कापारा इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो किराए के मकानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जांच में सामने आया कि घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर उन्हें व्यावसायिक सिलेंडरों में भरा जा रहा था। आरोपी घरेलू सिलेंडर की सब्सिडी का फायदा लेकर महंगे दाम पर व्यवसायिक सिलेंडर बेच रहे थे। यह कार्रवाई राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने की। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर में भी प्रशासन ने होटल और रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 7 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
रायगढ़ में भी छापेमारी
रायगढ़ में खाद्य विभाग की टीम ने जेल परिसर के पास स्थित एक साइकिल दुकान में छापा मारा। यहां गैस सिलेंडर की रिपेयरिंग और रिफिलिंग का अवैध काम चल रहा था। टीम ने मौके से एलपीजी सिलेंडर जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के कारण गैस और पेट्रोल के दाम बढ़ने की आशंका से लोगों में घबराहट देखी जा रही है। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में गैस एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे दिखाई दिए। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद भी उन्हें ओटीपी या मैसेज नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें एजेंसी पहुंचना पड़ रहा है। हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस की आपूर्ति पर्याप्त है, लेकिन अचानक बढ़ी पैनिक बुकिंग के कारण सप्लाई व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।
कोरिया जिले में प्रशासन अलर्ट
कोरिया जिले में कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है और कमी की अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग के क्रम में होगी। हर डिलीवरी ओटीपी के जरिए ही की जाएगी। 25 दिनों से पहले दूसरा सिलेंडर जारी नहीं होगा। इसके अलावा स्कूल, अस्पताल, छात्रावास, जेल जैसे संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। (Gas Cylinder in Chhattisgarh)
राज्य सरकार की लोगों से अपील
राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का भंडारण न करें। एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए लोग खाद्य विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 और 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। कुल मिलाकर प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है। सरकार और प्रशासन लगातार स्टॉक और सप्लाई पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का भंडारण न करें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दें।



