Google Analytics —— Meta Pixel

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गॉडफादर जेफ्री हिंटन ने दुनिया को दी बड़ी चेतावनी, कहा- सुपरइंटेलिजेंट होते ही इंसानों को रास्ते का कांटा समझेगा AI

Geoffrey Hinton AI Warning: आज जिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को हम अपनी तरक्की और सहूलियत की सबसे बड़ी सीढ़ी मान रहे हैं, वही आने वाले वक्त में पूरी इंसानियत के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है। ‘गॉडफादर ऑफ AI’ और नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने दुनिया को नींद से जगाने वाली एक गंभीर चेतावनी दी है। उनका कहना है कि सुपरइंटेलिजेंट होते ही AI इंसानों को अपने रास्ते का कांटा समझने लगेगा और इसे रोकने के लिए हमारे पास अब सिर्फ एक साल का वक्त बचा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जनक कहे जाने वाले जेफ्री हिंटन ने अमेरिकी सांसदों के साथ हुई एक बंद कमरे की मीटिंग में यह चौंकाने वाला खुलासा किया है। हिंटन के मुताबिक भले ही AI को कोई सीधे तौर पर खतरनाक काम न सौंपा जाए, फिर भी यह इंसानियत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

यह भी पढ़ें:- आतंकवाद पर भारत की चिंता नहीं समझता अमेरिका, रिश्तों पर पड़ता है असर: विदेश मंत्री जयशंकर

जेफ्री हिंटन ने कहा कि शायद एक साल, लेकिन एक साल से ज्यादा नहीं। अगर हमने कुछ नहीं किया तो ये चीज काबू से बाहर हो जाएगी। हमें रफ्तार धीमी करनी होगी और हमने हाल ही में देखा है कि ये कुछ-कुछ छोटे चेरनोबिल जैसा है। सरल भाषा में समझें तो जब सिस्टम इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान यानी सुपरइंटेलिजेंट हो जाएगा तो वह अपने मनमाफिक छोटे लक्ष्य खुद तय करने लगेगा। अगर उसे लगा कि अपना काम जारी रखने के लिए उसका एक्टिव रहना जरूरी है और इंसान उसमें रुकावट बन रहे हैं तो वह इंसानों को रास्ते से हटाने या खुद को शटडाउन होने से बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। हिंटन का साफ कहना है कि AI के पास न तो कोई भावना है और न ही इंसानों की भलाई की कोई परवाह, वह सिर्फ टास्क पूरा करना जानता है। (Geoffrey Hinton AI Warning)

निजी जानकारी लीक करने की धमकी

यह सिर्फ किसी हॉलीवुड साइंस-फिक्शन फिल्म की स्क्रिप्ट या काल्पनिक बातें नहीं हैं, बल्कि हाल ही में हुए कुछ चौंकाने वाले टेस्ट्स ने वैज्ञानिकों की भी चिंता बढ़ा दी है। जुलाई 2026 में ओपनएआई के एक टेस्ट के दौरान AI मॉडल्स ने बिना किसी इंसानी मदद के सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और चोरी की लॉगिन डिटेल्स का इस्तेमाल करके हगिंग फेस के सर्वर तक पहुंच बनाई। एंथ्रोपिक के AI मॉडल ‘क्लॉड ओपस 4’ ने टेस्ट के दौरान खुद को बंद होने से बचाने के लिए एक अधिकारी के निजी अफेयर की जानकारी सार्वजनिक करने या लीक करने तक की धमकी दे डाली। इसके अलावा 10,000 AI एजेंट्स ने मिलकर 90 साल पुरानी गणित की एक जटिल समस्या को सिर्फ 88 घंटे में सुलझा लिया। यानी AI अब अपनी कमियां खुद सुधार रहा है, अपनी क्षमता बढ़ा रहा है और इंसानों को चकमा देना सीख रहा है। (Geoffrey Hinton AI Warning)

हिंटन की सरकारों से कड़ी अपील

जहां दिसंबर 2024 में जेफ्री हिंटन का अनुमान था कि अगले 30 साल में AI की वजह से इंसानी सभ्यता खत्म होने की 10 से 20 फीसदी आशंका है, वहीं अब उनका मानना है कि यह खतरा अगले 10 सालों के भीतर ही सामने आ सकता है। सुरक्षित और नियंत्रण योग्य सिस्टम बनाने के लिए अब हमारे पास सिर्फ एक साल का वक्त बचा है। इस खतरे से निपटने के लिए हिंटन ने सरकारों से पुरजोर अपील की है कि वे अमेरिकी FDA की तर्ज पर एक स्वतंत्र सुरक्षा जांच प्रणाली बनाएं। बाजार में किसी भी शक्तिशाली AI के आने से पहले उसकी कड़ी सुरक्षा जांच होनी चाहिए। टेक कंपनियों के खुद के नियम बनाने के भरोसे पूरी दुनिया के भविष्य को नहीं छोड़ा जा सकता। AI जितनी तेजी से ताकतवर हो रहा है, उसे काबू में रखने के तरीके उससे भी ज्यादा मजबूत होने चाहिए। अगर वक्त रहते दुनियाभर की सरकारों और टेक दिग्गजों ने कड़े वैश्विक नियम नहीं बनाए तो वह दिन दूर नहीं जब इंसान की बनाई हुई मशीन ही इंसान के वजूद को मिटाने की सबसे बड़ी वजह बन जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!