Google Analytics —— Meta Pixel

सोने की तस्करी का पर्दाफाश: दुरंतो एक्सप्रेस में मिला 1.24 किलो विदेशी सोना, 2 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर / नागपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के आरपीएफ (RPF) क्राइम ब्रांच (रायपुर एवं नागपुर) और राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) नागपुर की संयुक्त टीम ने हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने ट्रेन से लगभग 1.24 किलोग्राम अवैध विदेशी सोना जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1.96 करोड़ बताई जा रही है। इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

भंडारा-नागपुर के बीच छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को ट्रेन में विदेशी सोने की तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और डीआरआई की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन नंबर 12262 (हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस) में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान B-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान की गई। भंडारा और नागपुर के बीच ट्रेन में ही दोनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 7 सोने के बिस्किट और 1 सोने की छड़ (बार) बरामद हुई।

बरामदगी का ब्योरा

  • कुल वजन: लगभग 1.242 किलोग्राम
  • अनुमानित कीमत: ₹1,96,34,307
  • जब्त सामान: 7 सोने के बिस्किट एवं 1 सोने की छड़

कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज

कार्रवाई पूरी होने के बाद आरपीएफ ने जब्त सोना और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए डीआरआई नागपुर को सौंप दिया है। डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम (Customs Act), 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तस्करी नेटवर्क की पड़ताल जारी

जांच एजेंसियां अब आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां दी जानी थी। आरपीएफ और डीआरआई को अंदेशा है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय सोने की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

यह भी पढ़े :- Chamoli Tunnel Accident : चमोली में निर्माणाधीन टनल में घुसा मलबा, 7 मजदूरों की मौत; 20 का रेस्क्यू

Back to top button
error: Content is protected !!