अमेरिका के टैरिफ बम पर सरकार का जवाब: राष्ट्रीय हित में उठाए जाएंगे जरूरी कदम – पीयूष गोयल
ट्रंप सरकार के 25% टैरिफ पर बोले वाणिज्य मंत्री, भारत-अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता जारी

Piyush Goyal on Trump Tariff : अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 25% टैरिफ को लेकर केंद्र सरकार ने संसद में स्थिति स्पष्ट की है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस फैसले के प्रभावों का परीक्षण किया जा रहा है और सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।
यह भी पढ़े :- विकास की रफ्तार बढ़ाएंगी सड़कें: मुख्यमंत्री साय ने रखी छत्तीसगढ़ की योजनाएं गडकरी के सामने
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच व्यापार को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली और वाशिंगटन में चार आमने-सामने की बैठकें हो चुकी हैं, साथ ही कई डिजिटल माध्यम से भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि शुरुआती बातचीत में 10 से 15 फीसदी टैरिफ की चर्चा हुई थी, न कि 25% की।
अप्रैल से प्रभावी होना था टैरिफ, बढ़ी समयसीमा
गोयल ने बताया कि यह टैरिफ मूल रूप से 9 अप्रैल से लागू होने वाला था, जिसे पहले 90 दिनों के लिए स्थगित किया गया और फिर उसे 1 अगस्त तक बढ़ा दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका के बीच मार्च 2025 में द्विपक्षीय व्यापार समझौते की बातचीत शुरू हुई थी, और उसका पहला चरण अक्टूबर–नवंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
किसानों और एमएसएमई हितधारकों को प्राथमिकता
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, निर्यातकों और MSMEs के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार संतुलित रणनीति के तहत कदम उठाएगी ताकि कोई भी हितधारक प्रभावित न हो।
भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थिति
गोयल ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा, “भारत अब ‘फ्रेजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि भारत ने यूएई, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और EFTA देशों के साथ सफल व्यापार समझौते किए हैं और अन्य देशों से भी इसी तरह के समझौते के लिए प्रतिबद्ध है। (Piyush Goyal on Trump Tariff)
विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य 2047 तक
पीयूष गोयल ने भरोसा जताया कि भारत 2047 तक विकसित देश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को ‘ब्राइट स्पॉट’ के रूप में देखा जा रहा है और भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 16% तक योगदान दे रहा है। (Piyush Goyal on Trump Tariff)



