छत्तीसगढ़ में आसमान से टूटा कहर: खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर गिरी आकाशीय बिजली, दोनों की मौत
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेचानमेटा में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां खेत में काम कर रहे एक दंपति की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू (23) और उनकी पत्नी ज्योति साहू (21) के रूप में हुई है। तीन महीने पहले ही दोनों की शादी हुई थी।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : नाकेबंदी आंदोलन में कांग्रेस नेताओं के बीच भिड़ंत, सड़क पर हुई तीखी बहस का वीडियो वायरल
बारिश से बचने झोपड़ी में छिपे, वहीं गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार, दंपति अपने खेत में टमाटर की फसल की देखरेख कर रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे खेत में बनी एक झोपड़ी में जा छिपे। उसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम, ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा
मृतक के पिता माघो साहू बारिश थमने के बाद जब खेत पहुंचे तो बहू बेटे नहीं दिखे। दोनों को तालाशते हुए झोपड़ी में गए तो दोनों को अचेत पड़े देखकर आवाक रह गए। सूचना मिलने पर परपोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। (Chhattisgarh News)
ग्रामवासियों के अनुसार, मृतक दंपति मेहनतकश किसान थे और खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन थी। इस अचानक हुए हादसे से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। (Chhattisgarh News)



