Google Analytics —— Meta Pixel

झूठे दहेज आरोप में फंसे पति को मिला न्याय, पति-पत्नी के रिश्ते का 15 साल बाद अंत

HC on Dhamtari Divorce Case: बिलासपुर हाईकोर्ट ने धमतरी फैमिली कोर्ट के फैसले को पलटते हुए पति की तलाक याचिका स्वीकार कर दी है। जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की डिवीजन बेंच ने कहा कि पति और ससुराल पक्ष को झूठे दहेज प्रताड़ना मामले में फंसाना मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है। दरअसल, धमतरी के रहने वाले धर्मेंद्र साहू की शादी हिंदू रीति-रिवाज से 28 अप्रैल 2009 को संध्या साहू से हुई थी। शादी के बाद उनके घर दो बेटियों का जन्म हुआ, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी और ससुराल पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद 10 अप्रैल 2017 को संध्या साहू ने अपने पति, देवर और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया। इसके बाद वह अपने मायके चली गई और वापस ससुराल नहीं लौटी।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में 6–8 फरवरी तक त्रिदिवसीय कबीर पारख सत्संग ज्ञान यज्ञ समारोह हो रहा भव्य आयोजन

पति और ससुरालवालों के खिलाफ पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट पेश की और ट्रायल शुरू हुआ। 2022 में करीब 5 साल की सुनवाई के बाद पत्नी के आरोप साबित नहीं होने पर धमतरी की कोर्ट ने पति और उसके परिजनों को बरी कर दिया। इसके बाद धर्मेंद्र साहू ने फैमिली कोर्ट में क्रूरता के आधार पर तलाक की याचिका दायर की, लेकिन 17 अगस्त 2023 को फैमिली कोर्ट ने मामला खारिज कर दिया। पति ने फैमिली कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि पति और उसके परिजनों को 5 साल तक झूठे आपराधिक मुकदमे का सामना करना पड़ा। हाईकोर्ट ने कहा कि गिरफ्तारी की आशंका और समाज में प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचना पति के लिए गंभीर मानसिक आघात के बराबर है। (HC on Dhamtari Divorce Case)

Kawardha Divorce Case

HC ने कहा कि झूठे आरोपों के कारण मुकदमे से गुजरना और आखिर बरी होना भी मानसिक क्रूरता का मामला माना जाएगा। हाईकोर्ट ने धमतरी फैमिली कोर्ट के फैसले को भी निरस्त कर दिया। 2009 में हुई शादी को भंग करने का आदेश दिया। साथ ही पत्नी को भविष्य में स्थायी गुजारा भत्ता के लिए अलग से आवेदन करने की अनुमति दी। हाईकोर्ट के इस फैसले से स्पष्ट हुआ कि झूठे आरोप और लंबित मुकदमे से गुजरना भी वैवाहिक क्रूरता की श्रेणी में आता है और पति-पत्नी के रिश्ते पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद धर्मेंद्र साहू और उनके परिवार को लंबे समय से झेलते आघात से न्याय मिला, जबकि 15 साल पुराना रिश्ता अब समाप्त हो चुका है। ये फैसला याद दिलाता है कि झूठे आरोपों का बोझ सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक भी होता है और न्याय आखिर जीतता है। 15 साल के रिश्ते का अंत यह संदेश देता है कि न्याय पाने के लिए धैर्य और साहस दोनों जरूरी हैं। (HC on Dhamtari Divorce Case)

Back to top button
error: Content is protected !!