तलाक के मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट का अहम फैसला, कहा- बेरोजगार पति को ताना मारना मानसिक क्रूरता
HC on Divorce Case: बिलासपुर हाईकोर्ट की जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस एके प्रसाद की डिवीजन बेंच ने तलाक केस में अहम फैसला सुनाया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार पति को बार-बार ताना मारना मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के आदेश को निरस्त करते हुए पति की तलाक की अर्जी मंजूर कर ली है। दरअसल, भिलाई के रहने वाले वकील अनिल कुमार सोनमणि उर्फ अनिल स्वामी की शादी 26 दिसंबर 1996 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शुरुआती दौर में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। इस दौरान उनके दो बच्चे हुए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में 29 आबकारी अधिकारियों को झटका, हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज
उनकी बेटी 19 साल और बेटा 16 साल का है। पति का कहना है कि उसने पत्नी को पीएचडी कराई, जिसके बाद पत्नी ने प्रिंसिपल की नौकरी जॉइन की, लेकिन नौकरी मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। वो अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी। कोरोना काल में कोर्ट बंद हो गए थे, जिससे पति की आय रुक गई। ऐसे में प्रिंसिपल पत्नी ने बेरोजगार पति को ताने मारना शुरू कर दिया। बात-बात पर झगड़ा कर पति को अपमानित भी करने लगी, जिससे पति मानसिक तनाव में आ गया। पति का आरोप है कि अगस्त 2020 में विवाद के बाद वो बेटी को लेकर अपनी बहन के पास चली गई। कुछ दिनों बाद लौटी, लेकिन 16 सितंबर 2020 को फिर से चली गई। (HC on Divorce Case)
फैमिली कोर्ट ने किया था याचिका खारिज
पति ने कहा कि पत्नी ने एक पत्र भी छोड़ा, जिसमें लिखा था कि वो अपनी मर्जी से पति और बेटे से सारे रिश्ते तोड़ रही है। पति ने कोर्ट को बताया कि उसने पत्नी को वापस लाने कई कोशिश की, लेकिन वो नहीं लौटी, जिससे परेशान होकर पति ने दुर्ग के फैमिली कोर्ट में तलाक का मामला पेश किया। इसमें तर्क दिया कि पत्नी ने जानबूझकर और बिना कारण वैवाहिक घर छोड़ा। कई बार मनाने के प्रयास के बावजूद वह नहीं लौटी। बेटे को उसके पास छोड़ दिया और बेटी को अपने साथ ले गई। घर में रहते हुए पत्नी ने गाली-गलौज, ताने और अपमानजनक शब्द कहकर मानसिक क्रूरता की, लेकिन फैमिली कोर्ट ने अक्टूबर 2023 में तलाक की अर्जी को खारिज कर दिया। (HC on Divorce Case)
HC ने पति की तलाक की अर्जी की मंजूर
वहीं पति ने फैमिली कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की। मामले की सुनवाई के दौरान नोटिस और अखबार में प्रकाशन के बावजूद पत्नी हाईकोर्ट में पेश नहीं हुई। हाईकोर्ट ने पति और गवाहों के बयान, पत्नी का छोड़ा हुआ पत्र और दस्तावेजों के आधार पर फैमिली कोर्ट का फैसला निरस्त कर दिया। कोर्ट ने कहा कि पत्नी ने बिना किसी वैध कारण के पति को छोड़ा है। उसके व्यवहार से मानसिक क्रूरता साबित होती है। इसके अलावा अब दोनों के बीच पुनर्मिलन की कोई संभावना नहीं है। इसलिए पति की तलाक की अर्जी मंजूर की जाती है। (HC on Divorce Case)



