Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, अगले 3 दिनों में और बढ़ेगा तापमान, कई इलाकों में लू का अलर्ट

Heat Wave in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों के भीतर तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। इसके बाद भले ही दो दिनों के लिए हल्की गिरावट दर्ज हो, लेकिन इससे गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का खुलासा, इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी निकला मास्टरमाइंड, देशभर में फैला नेटवर्क

प्रदेश के बिलासपुर संभाग, रायपुर संभाग और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में 19 अप्रैल तक हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है। गर्मी को देखते हुए स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। वर्तमान में पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना नहीं है। (Heat Wave in Chhattisgarh)

राजधानी रायपुर में लू के आसार

छत्तीसगढ़ में इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी कल दर्ज की गई। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोग तेज धूप और लू से परेशान नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव और धमतरी में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। वहीं राजधानी रायपुर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बिलासपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश में लू चलने से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं।

Heat Wave in Chhattisgarh
Heat wave

मौसम विभाग ने रायपुर संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग में लू चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी दो दिनों तक भी प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा। कुछ स्थानों पर हीट वेव की स्थिति जारी रह सकती है। प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। (Heat Wave in Chhattisgarh)

क्या न करें  

  • लंबे समय तक तेज धूप में न रहें, हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।
  • ज्यादा तला-भुना और भारी भोजन करने से बचें।
  • कोल्ड ड्रिंक और शराब का सेवन न करें, यह शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं।
  • खाली पेट धूप में बाहर न निकलें।
  • धूप में अत्यधिक शारीरिक श्रम या एक्सरसाइज से बचें।

क्या करें

  • पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी लेते रहें।
  • तरबूज, खरबूजा, खीरा जैसे पानी से भरपूर फल-सब्जियां खाएं।
  • ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
  • दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
  • बाहर निकलते समय टोपी, छाता या गमछे का उपयोग करें।

छत्तीसगढ़ में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ लू की स्थिति गंभीर हो सकती है, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें और शरीर को हाइड्रेट रखें, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है। प्रशासन और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ऐसे में लोगों से अपील है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खुद को सुरक्षित रखें।

Back to top button
error: Content is protected !!