रायपुर में 45°C तक पहुंचा पारा, पूरे छत्तीसगढ़ में लू का असर, रात की हवा भी गर्म, 200 चमगादड़ों की मौत

Heat Wave in Chhattisgarh: आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है और इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं। राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हीटवेव और तेज गर्म हवाओं का असर बने रहने की चेतावनी जारी की है। दिन ही नहीं, रात के समय भी गर्म हवा चलने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई विशेष गिरावट दर्ज नहीं की गई। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
नौतपा में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विज्ञान के मुताबिक नौतपा साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद और आसपास के जिलों में दोपहर के समय तेज लू चल सकती है। लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, लेकिन फिलहाल प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने के संकेत हैं। राजधानी रायपुर के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 25 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। (Heat Wave in Chhattisgarh)
यह भी पढ़ें:- देश में आज से नौतपा शुरू, अगले 9 दिन बढ़ेगी भीषण गर्मी, कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार
अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। प्रदेश में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। रायपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव 44.7 डिग्री और दुर्ग 44.5 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। बिलासपुर में पारा 44.2 डिग्री, जगदलपुर में 43.3 डिग्री, पेंड्रारोड में 41.8 डिग्री और अंबिकापुर में 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड स्थित नौकोनिया तालाब किनारे हीटस्ट्रोक से करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। शनिवार को सैकड़ों चमगादड़ पेड़ों से गिरकर मर गए।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी
पाली वन परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे ने बताया कि क्षेत्र में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। नौकोनिया तालाब के आसपास हर साल हजारों प्रवासी चमगादड़ डेरा डालते हैं, लेकिन इस बार भीषण गर्मी उनके लिए जानलेवा साबित हुई। बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। ज्यादा पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा सावधान रहने की सलाह दी गई है। इमरजेंसी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 87706-64365 और 75870-38622 जारी किए गए हैं। (Heat Wave in Chhattisgarh)
गर्मी में बढ़ रही बीमारियों की आशंका
विशेषज्ञों के मुताबिक नौतपा के दौरान हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, नोज ब्लीडिंग और थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं। गर्म हवा और तेज धूप का असर शरीर के साथ-साथ हार्ट और ब्रेन पर भी पड़ सकता है। डॉक्टरों ने लोगों को खानपान और दिनचर्या में सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी और लू का असर बना रहेगा, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। (Heat Wave in Chhattisgarh)



