देश में आज से नौतपा शुरू, अगले 9 दिन बढ़ेगी भीषण गर्मी, कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार
Nautapa Effect in India: देशभर में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही अगले 9 दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव का असर और तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है। वहीं 29 मई के बाद मौसम में बदलाव और कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है। रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा रहा।
उत्तर प्रदेश में बांदा 46.8 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा प्रयागराज, उरई और झांसी में 45.6 डिग्री, आगरा में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मध्य प्रदेश में नौगांव और खजुराहो सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीटवेव के और तेज होने की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के मुताबिक नौतपा के दौरान शरीर पर गर्मी का असर तेजी से पड़ता है। तेज धूप और लू के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, नाक से खून आना और हार्ट संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है।
अगले दो दिनों तक ऐसा होगा मौसम का हाल
26 मई को हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल और ओडिशा में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं 27 मई को छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव का असर बना रहेगा। (Nautapa Effect in India)
राज्यों में मौसम का हाल
बिहार, केरल, असम और मेघालय में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश के 44 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 28 मई तक पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा। उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बांदा 46.8 डिग्री तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। पूर्वांचल के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट
राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। 28 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। बिहार के 14 जिलों में हीटवेव और 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रोहतास जिले के डेहरी में सबसे अधिक 44.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। हीटवेव को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया है। वहीं चंडीगढ़ में 30 जून तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड के देहरादून में गर्मी ने 7 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाकों औली और चकराता में भी तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया है। (Nautapa Effect in India)
हीटवेव का असर और बढ़ने की संभावना
नौतपा की शुरुआत के साथ देशभर में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान लगातार 45 डिग्री के पार बना हुआ है, जबकि हीटवेव का असर आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों और रोजमर्रा की जिंदगी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में जरूरी है कि लोग बिना जरूरत धूप में निकलने से बचें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। हालांकि 29 मई के बाद कुछ राज्यों में बारिश से राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन फिलहाल अगले कुछ दिन देशवासियों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।



