छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से ‘हाहाकार’, 21 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी

Heat Wave in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं हीटवेव के चलते अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है। 31 मई को बिलासपुर में 2 और जांजगीर-चांपा में एक भिखारी की मौत हो गई। वहीं मौसम विभाग ने 31 मई के लिए 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया था, जिसका असर भी देखने को मिला। रात को 9 बजे तक हीटवेव चलती रही, जिसके चलते लोग गर्मी और उमस से परेशान होते रहे।
यह भी पढ़ें:- भारत में भीषण गर्मी ने मचाया ‘मौत’ का तांडव, 7 राज्यों में हीटवेव के चलते 4 दिन में 320 लोगों की मौत
प्रदेश में सबसे ज्यादा 47.3 डिग्री तापमान रायगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। वहीं बिलासपुर में 46.8 और रायपुर में 46.4 डिग्री दर्ज हुआ। 10 जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके अगले 3 दिन बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं आज भी प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिले में हीटवेव का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर में लू का अलर्ट जारी किया है। (Heat Wave in Chhattisgarh)
इन जिलों में लू का अलर्ट जारी
इसी तरह मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, रायपुर, बलोदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा और कबीरधाम जिले में भी लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर संभाग में कांकेर सबसे ज्यादा गर्म जिला रहा। यहां 43.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं 43.1 डिग्री तापमान के साथ बीजापुर दूसरा नंबर पर रहा। बस्तर में 41 और दंतेवाड़ा में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने बस्तर संभाग में बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। (Heat Wave in Chhattisgarh)
हीटवेव से किस राज्य में कितनी मौतें ?
- उत्तरप्रदेश- 100 लोगों की मौत
- बिहार- 69 लोगों की मौत
- राजस्थान- 60 लोगों की मौत
- झारखंड- 37 लोगों की मौत
- ओडिशा- 18 लोगों की मौत
- छत्तीसगढ़- 6 लोगों की मौत
- मध्यप्रदेश- 2 लोगों की मौत
- दिल्ली- एक की मौत



