लव स्टोरी का खौफनाक अंत: बॉयफ्रेंड को बांधकर जिंदा जलाया, प्रेमिका गिरफ्तार
बेंगलुरु में सनसनीखेज वारदात, मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वीडियो बना अहम सबूत

बेंगलुरु। शहर के अंजनानगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित “वेस्टर्न स्टाइल प्रपोज़ल” के नाम पर एक युवती ने अपने बॉयफ्रेंड की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी 27 वर्षीय युवती को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
यह भी पढ़े :- खड़गे के बयान पर गरमाई सियासत, अजय चंद्राकर का पलटवार, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप, अध्यक्ष को संन्यास लेने की सलाह
पुलिस के अनुसार, मृतक किरण और आरोपी युवती पिछले करीब दो वर्षों से रिलेशनशिप में थे और एक ही टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत थे। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे किरण युवती के घर पहुंचा था।
आरोप है कि युवती ने प्रपोज़ल के नाम पर पहले युवक की आंखों पर पट्टी बांधी और उसके हाथ-पैर कुर्सी से बांध दिए। जब युवक ने विरोध किया, तो उसे यह कहकर शांत कराया गया कि यह एक ट्रेंड का हिस्सा है। इसके बाद युवती ने कथित रूप से पेट्रोल और केरोसिन उस पर डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था, जिसे जब्त कर लिया गया है और जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।
घटना के बाद युवती ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए दावा किया कि वह बाथरूम में थी और तेज आवाज सुनकर बाहर आई तो युवक को आग की चपेट में पाया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की पड़ताल और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद साजिश का खुलासा हुआ।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे और युवती को युवक के व्यवहार पर संदेह था। पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है, जिसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता से इनकार नहीं किया गया है।
फिलहाल आरोपी युवती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



