खड़गे के बयान पर गरमाई सियासत, अजय चंद्राकर का पलटवार, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप, अध्यक्ष को संन्यास लेने की सलाह
रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री पर दिए गए बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़े :- फोनपे वसूली का स्क्रीनशॉट वायरल, शिक्षा विभाग में हड़कंप
चंद्राकर ने खड़गे के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास विवादों से जुड़ा रहा है और पार्टी नेतृत्व को अपने शब्दों पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
सचिन तेंदुलकर के दौरे पर भी सियासत
इधर बस्तर में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने इस दौरे का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताया है। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में बदलाव करते हुए गीदम के जांवगा, पनेड़ा और छिंदनार को शामिल किया गया है।
वहीं कांग्रेस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार नक्सलवाद खत्म करने के दावे तो करती है, लेकिन सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
भाजपा का पलटवार
कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए अजय चंद्राकर ने उन्हें बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से राज्य की छवि खराब होती है और कांग्रेस लगातार छत्तीसगढ़ को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
विशेष सत्र को लेकर भी बयानबाजी
इस बीच विधानसभा के संभावित विशेष सत्र को लेकर भी सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत द्वारा उठाए गए सवालों पर चंद्राकर ने कहा कि सत्र का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
अन्य मुद्दों पर भी जारी जुबानी जंग
बंगाल चुनाव और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा जहां अपने मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की बात कह रही है, वहीं कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।



