बलौदाबाजार में 12वीं पास युवक करता था ऑपरेशन, प्रसव के दौरान एक गर्भवती की मौत, प्रशासन ने हॉस्पिटल किया सील

Hospital Sealed in Balodabazar: बलौदाबाजार के कटगी गांव में प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संस्कार हॉस्पिटल को सील कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों और प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद एसडीएम रामरतन दुबे के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल में छापेमारी की। जांच के दौरान जो खुलासे हुए, उन्होंने प्रशासन को भी चौंका दिया। छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि अस्पताल में बिना किसी मेडिकल डिग्री, रजिस्ट्रेशन या योग्यता के 12वीं पास एक युवक मरीजों का ऑपरेशन कर रहा था।

यह भी पढ़ें:- फेफड़े जलाकर पढ़ाई…! बालोद के स्कूल में राइस मिल का जहर, बच्चे मास्क लगाने को मजबूर

यह बेहद गंभीर अनियमितता मानी गई। इसके साथ ही नर्सिंग एक्ट का पालन न होना, प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की कमी और रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ियां भी सामने आई। पिछले महीने प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी, जिसके बाद अस्पताल पर लगातार सवाल उठ रहे थे। परिजनों ने भी जांच और कार्रवाई की मांग की थी। जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही को देखते हुए टीम ने मौके पर ही संस्कार हॉस्पिटल को सील कर दिया। (Hospital Sealed in Balodabazar)

टीम में ये अधिकारी थे मौजूद

  • रामरतन दुबे-एसडीएम, कसडोल
  • तहसीलदार, कसडोल
  • रवि अजगल्ले- बीएमओ, कसडोल
  • स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम

जैसे ही निरीक्षण शुरू हुआ, अस्पताल में अव्यवस्था और नियमों का उल्लंघन एक-एक कर सामने आता गया। एसडीएम रामरतन दुबे ने बताया कि अस्पताल में पाई गई अनियमितताएं बेहद गंभीर हैं। अस्पताल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा चुकी है और पूरे मामले की जांच जारी है। अस्पताल के सील होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सवाल भी उठाया है कि बिना रजिस्ट्रेशन और योग्य डॉक्टरों के यह अस्पताल इतने समय तक कैसे चलता रहा ? जानकारी के मुताबिक प्रशासन अब क्षेत्र में संचालित कई निजी अस्पतालों की भी जांच करने की तैयारी में है।

Back to top button
error: Content is protected !!