अब कोई भी ताकत भारत की संप्रभुता को चुनौती देने की हिम्मत नहीं कर सकती: रक्षा मंत्री

Hyderabad Liberation Day: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तेलंगाना में आयोजित हैदराबाद लिबरेशन डे समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि 17 सितंबर का यह दिन भारतीय इतिहास के एक बड़े ही महत्वपूर्ण माइलस्टोन के रूप में जाना जाता है। हम जिस हैदराबाद लिबरेशन डे की स्मृति को ताजा करने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं, वह हमारे इतिहास का एक बड़ा ही निर्णायक और गौरवपूर्ण अध्याय है। भारत अगस्त 1947 में आजाद हो गया था, लेकिन भारत के उत्तर और दक्षिण को जोड़ने वाला एक बड़ा इलाका हैदराबाद भारत का हिस्सा नहीं था। यानी आजाद होने के बावजूद भारत एक ना होकर कई टुकड़ों में बंटा था।
यह भी पढ़ें:- नया भारत परमाणु धमकियों से नहीं डरता… घर में घुसकर मारता है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
रक्षा मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने राजनीतिक परिपक्वता और कुशल रणनीति के बल पर रियासतों को शांति से भारत में मिला लिया। भारत और भारत के लोग सदैव सरदार पटेल जी के ऋणी रहेंगे। सरदार पटेल के नेतृत्व में भारत ने ऑपरेशन पोलो शुरू किया। आज उस ऑपरेशन के विजय की वर्षगांठ है। 17 सितम्बर केवल एक तारीख या दिन मात्र नहीं हैं, बल्कि यह प्रतीक है इस बात का भी कि भारत की अखंडता और एकता के हर दुश्मन को सिर्फ पराजय मिलेगी। मैं मानता हूं कि ऑपरेशन पोलो केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, यह सरदार पटेल का निर्णायक प्रहार था जिसने रज़ाकारों के षड्यंत्र को चकनाचूर किया और हैदराबाद को मां भारती की गोद में ला कर बैठा दिया। (Hyderabad Liberation Day)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बेहद अफसोस की बात है कि आजादी के बाद सात दशकों तक इस ऐतिहासिक घटना को याद करने और उसे उचित सम्मान देने का काम नहीं किया गया। मैं कहना चाहता हूं कि रजाकारों का आतंक लगभग पहलगाम के आतंक के समान ही था, जहां लोगों से धर्म पूछकर उन्हें मारा गया। पहलगाम में हुआ आतंकी हमला भी रजाकारों की तरह भारत के सामाजिक सौहार्द्र पर प्रहार था। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूँ कि जब हम रज़ाकारों की बात करते हैं, तो हमारा आशय किसी समुदाय के लोगों से नही हैं। जब हम रजाकारों की बात करते हैं, तो हमारा मतलब उस सोच से है, जो भारत की आत्मा के खिलाफ है। जो ‘सर्व धर्म समभाव’ के विचार को नहीं मानती। (Hyderabad Liberation Day)

उन्होंने कहा कि हमारे सरदार पटेल ने घमंडी निज़ाम, उसके कुटिल सलाहकारों और उसकी खूनी रज़ाकार सेना को घुटनों पर ला खड़ा किया। हार के बाद निज़ाम को भारत में विलय करना पड़ा, रज़ाकारों से नाता तोड़ना पड़ा, संयुक्त राष्ट्र में की गई शिकायत वापस लेनी पड़ी और लोकतांत्रिक व्यवस्था स्वीकार करनी पड़ी। सरदार पटेल की दूरदृष्टि और उनकी कार्यशैली का प्रभाव इतना गहरा था कि निज़ाम के संवैधानिक सलाहकार, सर वॉल्टर मॉन्कटन तक उनकी प्रशंसा किए बिना नहीं रह सके। सरदार पटेल ने आख़िरी पल तक शांति का रास्ता खोजने की कोशिश की। कार्रवाई करने पर मजबूर भी हुए, तो इस तरह कि सांप्रदायिक दंगे न हों और अमन-चैन कायम रहे। यही था उनके नेतृत्व का जादू जिसमें शांति की चाह थी और भारत की एकता का दृढ़ संकल्प भी। (Hyderabad Liberation Day)

रक्षा मंत्री ने कहा कि आज भी देश में रज़ाकारों के हमदर्द मौजूद हैं। मैं साफ कहना चाहता हूं, ये ही हमारे सबसे बड़े दुश्मन हैं। पर हम दृढ़ संकल्पित हैं कि इस सोच, इस विचारधारा और इस मानसिकता को भारत से पूरी तरह समाप्त करेंगे। भारत की अखंडता और एकता से बड़ा कोई मूल्य नहीं है। जो लोग धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के नाम पर भारत को बाटना चाहते हैं, उन्हें याद दिलाना चाहता हूं जब ऑपरेशन पोलो हुआ था, तब हमारे वीर सैनिकों ने बिना किसी जाति, धर्म या मज़हब की परवाह किए भारत की अखंडता की रक्षा की। हवलदार बच्चित्तर सिंह पंजाब के वीर सपूत थे जिन्होंने भारत की एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वह पहले भारतीय थे जिन्हें अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। (Hyderabad Liberation Day)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि निज़ाम दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक था। उसे भ्रम हो गया था कि अपने धन के बल पर वह भारत को झुका देगा। लेकिन इतिहास गवाह है, धन और घमंड की ताक़त कभी भी राष्ट्र की एकता और संकल्प से बड़ी नहीं होती। अंततः उसका हश्र सबके सामने है। 17 सितंबर के दिन निजाम ने भारत के साथ विलय-करना मंजूर किया था। ऐसा हुआ था सरदार पटेल के दृढ़ निश्चय और साहस के कारण। यह सिर्फ सुखद संयोग मात्र नहीं है कि हमारे युग के एक और दृढ़-निश्चयी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी 17 सितंबर को होता है। जैसे सरदार पटेल ने नव-स्वतंत्र भारत को राजनीतिक और भौगोलिक एकता के सूत्र में पिरोया था, वैसे ही 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर भारत को सांस्कृतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और आर्थिक स्तर पर मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
अनुच्छेद 370 का जिक्र
रक्षा मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर सरदार पटेल का अधूरा सपना साकार हुआ है। अलगाव की एक ऐतिहासिक दीवार टूटी है। पूर्वोत्तर, जो कभी दूर समझा जाता था, अब विकास और अवसर की धारा में भारत की धड़कनों के साथ कदमताल कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक प्रगति के माध्यम से राष्ट्र को नई एकता दी है। 2014 से आर्थिक एकीकरण का जो कार्य शुरू हुआ है उससे हमारे देशवासियों का जीवन सुगम हुआ है। आज देश का कोई भी क्षेत्र यह नहीं कह सकता कि उसे विकास की दौड़ में पीछे छोड़ दिया गया है। ऑपरेशन पोलो की सफलता और हैदराबाद का भारत में विलय वह गौरवशाली अध्याय है जिसने दुनिया को दिखा दिया कि भारत अपनी एकता की रक्षा करने में हमेशा से सक्षम भी है सामर्थ्यवान भी।
सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को बार-बार यह दिखा दिया है कि हमारा धैर्य हमारी ताकत है कमजोरी नहीं। जैसे बातचीत से समाधान न निकलने के बाद सरदार पटेल ने हार्ड पावर का रास्ता चुना वैसे ही हमने भी किया। 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक हों या 2019 बालाकोट एयर स्ट्राइक, या 2025 का ऑपरेशन सिंदूर भारत ने यह साबित कर दिया है कि जो लोग बातचीत, शांति और सद्भावना की भाषा नहीं समझते, उन्हें हम उसी भाषा में जवाब देना जानते हैं जिसे वे समझते हैं। आज का भारत, केवल वार्ता की टेबल पर नहीं बल्कि दुश्मन की आंखों में आंखें डालकर जवाब देने में भी सक्षम है। यही है नया भारत- धैर्यवान भी, बलवान भी और सामर्थ्यवान भी।
दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर किया: राजनाथ सिंह
उन्होंने कहा कि हमारी सशक्त सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। इसे तब स्थगित किया गया जब पाकिस्तान ने सीजफायर की मांग की। मैं स्पष्ट कर दूं अभी यह ऑपरेशन स्थगित है, खत्म नहीं हुआ है। आज का भारत किसी से डिक्टेशन नहीं लेता, भारत अपनी स्क्रिप्ट खुद लिखता है। आज भारत हैं एक ऐसे वर्ल्ड ऑर्डर की स्क्रिप्ट लिखने के लिए तैयार हैं, जिसे पूरी दुनिया हर्ष और स्वेच्छा से फॉलो करेगी। हमने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर से जुड़ी जगहों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। जिससे भारत के लोग उनके जीवन से समानता का मूल्य सीखें और राष्ट्रीय एकता और भी मजबूत हो। (Hyderabad Liberation Day)



