मैं भारत के बहुत करीब हूं और पाकिस्तान… डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले को बताया- बहुत ज्यादा बुरा

Trump on Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की पूरी दुनिया कड़े शब्दों में निंदा कर रही है। विश्व के कई शक्तिशाली देशों ने भारत के साथ एकजुटता दिखाई है और आतंक के खिलाफ बड़े एक्शन की बात कही है। अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहलगामा आतंकी हमले पर पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने घटना की निंदा की है और कहा कि That was a bad one (terrorist attack)।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर रूस, इजरायल समेत विश्व के कई शक्तिशाली देश भारत के साथ खड़ा हुआ है और सबने एक सुर में आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की बात कही है। अब पहलगाम आतंकी हमले पर अपनी पहली टिप्पणी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस हमले को बुरा (Bad One) बताया। एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि बॉर्डर पर दोनों देशों के बीच तनाव लंबे समय से चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे भरोसा है कि दोनों पक्ष इस मुद्दे को सुलझा लेंगे। (Trump on Pahalgam Terror Attack)
मैं भारत के बहुत करीब हूं-ट्रंप
पहलगाम आतंकी हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, मैं भारत के बहुत करीब हूं और मैं पाकिस्तान के भी बहुत करीब हूं और कश्मीर में वे एक हजार साल से लड़ रहे हैं। कश्मीर का मुद्दा एक हजार साल से चल रहा है, शायद उससे भी ज्यादा समय से। वह एक बुरा हमला था (आतंकवादी हमला)। उस सीमा पर 1,500 सालों से तनाव है। यह वैसा ही रहा है लेकिन मुझे यकीन है कि वे इसे किसी न किसी तरह से सुलझा लेंगे। मैं दोनों नेताओं को जानता हूं। पाकिस्तान और भारत के बीच बहुत तनाव है लेकिन यह हमेशा से रहा है।
पुलवामा के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. यह हमला 2019 के पुलवामा बम विस्फोट के बाद जम्मू-कश्मीर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक है. हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए हैं, जिसमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, पाकिस्तानी सैन्य अताशे को निष्कासित करना और अटारी चौकी को तत्काल बंद करना शामिल है. इसके अलावा बीएसएफ ने अटारी-वाघा बॉर्डर पर होने वाले रिट्रीट समारोह को काफी हद तक छोटा करने का भी फैसला किया है. भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. हमले पर देशव्यापी आक्रोश के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहलगाम के हत्यारों का ‘दुनिया के अंत तक’ पीछा किया जाएगा और उन्होंने ‘हर आतंकवादी और उनके समर्थकों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें सजा देने’ का वादा किया।
भारत की कार्रवाई से भड़का पाकिस्तान
भारत की कार्रवाई से भड़के पाकिस्तान ने गीदड़ भभकी देना शुरू कर दिया है. भारत के एक्शन के जवाब में पाकिस्तान ने सभी भारतीय एयरलाइनों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने और तीसरे देशों के माध्यम से नई दिल्ली के साथ व्यापार को निलंबित करने की घोषणा की है. पाकिस्तान ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने के भारत के फैसले को भी खारिज कर दिया और कहा कि समझौते के तहत पाकिस्तान के स्वामित्व वाले पानी के प्रवाह को रोकने के किसी भी कदम को ‘युद्ध की कार्रवाई’ के रूप में देखा जाएगा।



