“मोदी का करियर बर्बाद नहीं करना चाहता…” ट्रंप के बयान पर भारत का सख्त रुख, MEA बोला: लेंगे एक्शन!
India US Relations : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस पुराने बयान पर भारत की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पॉलिटिकल करियर” का जिक्र किया था। विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को कहा कि यदि ऐसा कोई वीडियो मौजूद है, तो “उचित कार्रवाई” की जाएगी।
“वीडियो नहीं देखा, लेकिन सही एक्शन लेंगे”
विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस वार्ता में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से ट्रंप के कमेंट पर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा,
“मैंने वीडियो नहीं देखा है… हालांकि अगर ऐसा कोई वीडियो है, चाहे वह सच हो या झूठ, हम उस पर सही एक्शन लेंगे।”
क्या था ट्रंप का बयान?
यह बयान 15 अक्टूबर 2025 का बताया जा रहा है, जब भारत की रूस से तेल खरीद को लेकर भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव की चर्चा थी। उस दौरान ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बोलते हुए पीएम मोदी की तारीफ की थी और उन्हें “महान व्यक्ति” बताया था।
ट्रंप ने अपने अंदाज में कहा था कि मोदी “ट्रंप से प्यार करते हैं”, लेकिन तुरंत जोड़ा कि “प्यार” शब्द को अलग अर्थ में न लिया जाए, क्योंकि वे उनका “पॉलिटिकल करियर बर्बाद नहीं करना चाहते।” यह टिप्पणी हंसी-मजाक के लहजे में की गई थी, जिसका वीडियो अब फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रूस से तेल खरीद पर पृष्ठभूमि
उस समय ट्रंप ने यह भी दावा किया था कि भारत ने अमेरिका को रूस से तेल खरीद कम करने का भरोसा दिया है। हालांकि भारत ने ऐसे किसी औपचारिक आश्वासन से इनकार किया था।
भारत का रुख स्पष्ट रहा है कि 140 करोड़ नागरिकों की ऊर्जा सुरक्षा सर्वोपरि है और उसी आधार पर नीतिगत फैसले लिए जाते हैं।
कूटनीतिक संतुलन पर नजर
ट्रंप का यह बयान पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देने के कुछ दिनों बाद आया था, ऐसे समय में जब भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर सकारात्मक संकेत भी मिल रहे थे। (India US Relations )
अब जब यह वीडियो दोबारा चर्चा में है, विदेश मंत्रालय ने संकेत दिया है कि मामले को गंभीरता से देखा जाएगा और आवश्यक होने पर उचित कदम उठाए जाएंगे। (India US Relations )



