कुलदीप शर्मा बने बलौदाबाजार के नए कलेक्टर, 11 IAS अधिकारियों का तबादला

IAS officers Transferred: छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। दरअसल, 11 IAS अधिकारियों का तबादला किया गया है, जिसे लेकर आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, जिसके मुताबिक कई जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बलौदाबाजार के कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली भेजा गया है। उनकी जगह पर आईएएस कुलदीप शर्मा को बलौदाबाजार का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की होगी भर्ती, CM साय ने कहा- युवाओं को मिलेगा अवसर, शिक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़
कुलदीप शर्मा पूर्व में अन्य प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं और अब जिले की कमान संभालेंगे। राज्य प्रशासनिक सेवा से पदोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए नौ अधिकारियों को भी नई पदस्थापना दी गई है। सरकार ने इन अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रशासनिक कार्यों में गति लाने की मंशा जताई है।
राज्यपाल के सचिव को अतिरिक्त जिम्मा
राज्यपाल के सचिव सी.आर. प्रसन्ना को आयुक्त सहकारिता और रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह दायित्व पहले आईएएस कुलदीप शर्मा के पास था। नए आदेश के बाद सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी अब सी.आर. प्रसन्ना संभालेंगे। मंत्री केदार कश्यप के विशेष सहायक तीर्थराज अग्रवाल को मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी (योजना, आर्थिक और सांख्यिकी) के साथ-साथ धर्मस्व और धार्मिक न्यास विभाग का दायित्व दिया गया है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी के विशेष सहायक का भी ट्रांसफर
वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के विशेष सहायक आशीष टिकरिहा को प्रबंध संचालक, वेयर हाउसिंग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अतिरिक्त सौमिल रंजन चौबे को कृषि विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी बनाया गया है।राज्य सरकार की ओर से किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था में कसावट और विभागीय कार्यों में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
देखिए पूरी लिस्ट





