Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की होगी भर्ती, CM साय ने कहा- युवाओं को मिलेगा अवसर, शिक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़

Teacher Recruitment in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापमं की ओर से 2026 में आयोजित की जाने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। यह जानकारी मंडल की ओर से 15 अक्टूबर 2025 को जारी वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अंतर्गत दी गई है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक सहायक शिक्षक पद की परीक्षा 11 अक्टूबर, शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित करने की संभावित तिथि निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें:- कल धान खरीदी की अंतर की राशि जारी करेंगे CM साय, प्रदेश के अन्नदाताओं ने धान से तौलकर जताया आभार

मंडल के नियंत्रक ने बताया कि ये तिथियां स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। किसी भी प्रकार के संशोधन या अद्यतन जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को मंडल की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।

भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे: CM

उन्होंने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने में अहम योगदान देंगे। इस भर्ती प्रक्रिया को राज्य सरकार की ओर से शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अभ्यर्थियों में परीक्षा तिथियों की घोषणा के बाद उत्साह का माहौल है और अब वे अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। (Teacher Recruitment in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!