Google Analytics —— Meta Pixel

राज्यभर में छापामार अभियान तेज, कई जिलों में बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त

Illegal Paddy in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में अवैध धान भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध जांच- कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है। जिला प्रशासन की निगरानी में गठित संयुक्त टीमें अपने-अपने क्षेत्रों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों का नियमित भ्रमण कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अब तक का सबसे बड़ा 35,000 करोड़ का अनुपूरक बजट, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया पेश

बालोद जिले में कृषि उपज मंडी, राजस्व, खाद्य और अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त दल की ओर से निरंतर निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। अब तक जिले में कुल 5,431.48 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार 840 रुपए बताई जा रही है। प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। (Illegal Paddy in Chhattisgarh)

बिलासपुर में पांच संस्थानों पर छापा, 138.50 क्विंटल धान जब्त

बिलासपुर जिले में कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त जांच दल द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान पांच संस्थानों से कुल 138.50 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत सवा चार लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है।संयुक्त जांच दल ने तखतपुर क्षेत्र के नरौटीकापा में जितेन्द्र साहू के संस्थान से 30 क्विंटल, गोबंद गांव में सीताराम साहू से 30 क्विंटल, सकरा गांव में अमरदास मानिकपुरी से 20 क्विंटल धान जब्त किया। वहीं जयरामनगर क्षेत्र के जुनवानी स्थित दिव्या किराना स्टोर से 32 क्विंटल और बिनोरी गांव में रामजी चतुर्वेदी के संस्थान से 26.50 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया।

इन मामलों में खाद्य और मंडी विभाग की ओर से मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी की पूरी अवधि में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जांजगीर-चांपा जिले में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई करते हुए कुल 225 कट्टी (90 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान अर्जुनी गांव में प्रमोद कुमार बंजारे से 70 कट्टी (28 क्विंटल), बनहिल गांव में कमल किशोर से 93 कट्टी (37.20 क्विंटल), कटघरी गांव में जयप्रकाश नायक से 32 कट्टी (12.80 क्विंटल) और पंतोरा (बलौदा) में विनोद मरावी से 30 कट्टी (12 क्विंटल) धान जब्त किया गया। प्रशासन ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बलरामपुर में 11 हजार क्विंटल से ज्यादा धान और 60 वाहन जब्त

बलरामपुर जिले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन में अवैध धान भंडारण और परिवहन के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से सभी अंतरराज्यीय सीमाओं और चेक पोस्टों पर 24 घंटे चौकसी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों और परिवहन गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अब तक जिले में 95 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 11,781.42 क्विंटल अवैध धान, 50 चार पहिया और 10 दोपहिया, कुल 60 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। कलेक्टर के मार्गदर्शन में सभी आंतरिक एवं अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर टीमों की तैनाती के साथ रात्रिकालीन गश्त और सघन जांच की जा रही है। (Illegal Paddy in Chhattisgarh)

प्रशासन ने की अपील

कलेक्टर कटारा ने आम नागरिकों और किसानों से अपील की है कि कई कहीं भी अवैध धान परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। राज्य प्रशासन ने दोहराया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, निष्पक्ष और किसानों के हित में बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। (Illegal Paddy in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!