CG Vidhan Sabha Winter Session : मनरेगा नाम विवाद पर सदन में हंगामा, कांग्रेस विधायकों के पोस्टर पर सत्ता पक्ष ने जताई आपत्ति
CG Vidhan Sabha Winter Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत आज तीखे हंगामे के साथ हुई। मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में कांग्रेस विधायक पोस्टर पहनकर सदन में पहुंचे, जिस पर सत्तापक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया। आसंदी ने विधानसभा की मर्यादा का हवाला देते हुए पोस्टर और बैनर हटाकर प्रश्नकाल में शामिल होने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े :- राज्यभर में छापामार अभियान तेज, कई जिलों में बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त
कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों के सीने पर लगे “सत्यमेव जयते” लिखे पोस्टरों को लेकर भाजपा विधायकों ने आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने सदन की परंपरा का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। वहीं भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता बिना पोस्टर के हैं, जबकि बाकी विधायकों को मजदूर समझकर पोस्टर पहनाकर लाया गया है।
धर्मजीत सिंह की इस टिप्पणी पर कांग्रेस विधायकों ने कड़ा विरोध जताया और इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान बताया। बढ़ते विवाद के बीच आसंदी ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। साथ ही पोस्टर-बैनर हटाकर कार्यवाही में भाग लेने के निर्देश दिए। (CG Vidhan Sabha Winter Session)
इसी दौरान कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा प्रश्न उठाए जाने पर अजय चंद्राकर ने प्रक्रिया और व्यवस्था का हवाला देते हुए आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के हस्तक्षेप पर भी सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ते देख आसंदी ने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी। (CG Vidhan Sabha Winter Session)



