बस्तर में भी गूंजे थे स्वतंत्रता के गीत : शकुंतला तरार

Independence Day 2025: देश जब आजादी का 78वां वर्षगांठ मना रहा है, तब यह जरूरी हो जाता है कि हम उन गुमनाम वीरों को याद करें, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन इतिहास के पन्नों में जिनका नाम कहीं पीछे छूट गया। इन्हीं में से एक रहा है छत्तीसगढ़ का बस्तर अंचल, जहां स्वतंत्रता की लौ बहुत पहले ही जल उठी थी। बस्तर में आजादी की पहली चिंगारी परलकोट के जमींदार गेंदसिंह ने 1825 में भड़काई थी। अंग्रेजों की शोषणकारी नीतियों के खिलाफ उन्होंने अपने साथियों के साथ लड़ाई लड़ी।
यह भी पढ़ें:- विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पीड़ा और धैर्य को याद करने का दिन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
संघर्षरत गेंदसिंह को 20 जनवरी 1825 को परलकोट स्थित महल के सामने फांसी दे दी गई। आज उन्हें “शहीद गेंदसिंह” के नाम से जाना जाता है। बस्तर की रानी सुवर्ण कुमारी और उनके चाचा लाल कालेन्द्र सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जन आंदोलन को संगठित किया। रानी ने तोड़ोकी (अंतागढ़) में सभा को संबोधित करते हुए मुरिया राज की स्थापना की घोषणा की थी। उनका उद्देश्य था बस्तर को आत्मसम्मान, सुरक्षा और आजादी दिलाना। (Independence Day 2025)
भूमकाल आंदोलन और वीर गुंडाधुर
1910 में वीर गुंडाधुर के नेतृत्व में शुरू हुआ भूमकाल आंदोलन बस्तर में अंग्रेजी शासन के खिलाफ सबसे बड़ा जन आंदोलन था। तीर, धनुष और भाले से सजी स्थानीय जनता ने अंग्रेजों की बंदूकों का सामना किया। आज भी 10 फरवरी को “भूमकाल दिवस” के रूप में गुंडाधुर को श्रद्धांजलि दी जाती है।
लोकगीतों में गूंजी आजादी की आवाज
बस्तर में आजादी की यह लड़ाई केवल हथियारों से नहीं, बल्कि लोकगीतों और सांस्कृतिक माध्यमों से भी लड़ी गई। घोटुल गुड़ी जैसे परंपरागत संस्थानों में युवा और युवतियां आजादी के गीत रचते और गाते थे। हल्बी भाषा में रचित गीतों में डर, संघर्ष, विश्वास और देशभक्ति के भाव स्पष्ट झलकते हैं। एक गीत में युवतियां गाती हैं- “दीदी री दीदी, रानी री रानी, हमें डर लग रहा है, वे लोग खादी का फेंटा और गांधी टोपी पहनकर आए हैं…” इन गीतों में भगवान राम, सीता और लक्ष्मण का उल्लेख कर अपने संघर्ष को पवित्रता और इतिहास से जोड़ने की कोशिश की गई है। (Independence Day 2025)
अंत में उम्मीद और देशभक्ति की भावना
जहां गीतों की शुरुआत भय और अनिश्चितता से होती है, वहीं अंत में वे कहती हैं- “भारत माता की जय, देश के लिए जीना-मरना सीखें, सेवा करें…” यह स्पष्ट करता है कि बस्तर की जनता न केवल संघर्षशील थी, बल्कि गहराई से देशभक्ति में भी रची-बसी थी।
नमन उन वीरों को…आजादी की इस वर्षगांठ पर हमें बस्तर जैसे अंचलों के उन वीरों को भी स्मरण करना चाहिए, जिन्होंने बिना किसी प्रचार के, बिना किसी बड़े नाम के स्वतंत्रता की लड़ाई को अपने कंधों पर उठाया।छत्तीसगढ़ का बस्तर, जिसे आज भी अक्सर ‘पिछड़ा’ कहा जाता है, दरअसल देश की आजादी की जड़ों में मजबूती से जुड़ा हुआ था।
आलेख : शकुंतला तरार
एकता नगर गुढ़ियारी रायपुर (छत्तीसगढ़)



