विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पीड़ा और धैर्य को याद करने का दिन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas: देशभर में आज यानी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान हुए भीषण नरसंहार, हिंसा और बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन में जान गंवाने वालों को इस अवसर पर श्रद्धांजलि दी गई। अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शनी, संगोष्ठी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उस दौर की पीड़ा और बलिदानों को याद किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाता है और हमारे इतिहास के उस दुखद अध्याय के दौरान अनगिनत लोगों द्वारा झेली पीड़ा को याद करता है। यह उनके धैर्य, अकल्पनीय क्षति का सामना करने और फिर भी नए सिरे से शुरुआत करने की ताकत पाने की उनकी क्षमता का सम्मान करने का भी दिन है।
यह भी पढ़ें:- देश तेजी से कर रहा विकास, सीमा पार आतंक के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर इतिहास में दर्ज: राष्ट्रपति मुर्मू
PM मोदी ने कहा कि प्रभावित हुए कई लोगों ने अपने जीवन का पुनर्निर्माण किया और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। यह दिन हमारे देश को एक सूत्र में पिरोने वाले सद्भाव के बंधन को मजबूत करने की हमारी स्थायी जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे देश के अनेक क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे पर लटकाया गया था। देश के स्वतंत्रता सेनानियों को अमानवीय यात्नाएं दी गई थी मगर 1947 में जब हम स्वतंत्र हुए, उसी के एक दिन पूर्व तुष्टिकरण की पराकाष्ठा को पूरा करते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने देश का बंटवारा करा दिया था। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास से उधम सिंह नगर के काशीपुर में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। (Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया संबोधित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं उन सभी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अपने देश और संस्कृति को जीवित रखने के लिए अपना सब कुछ खो दिया। हम 1947 के उस दिन को कभी नहीं भूल सकते जब भारत माता दो टुकड़ों में बंट गई थी। यह वह दिन था जब लोग अपनों से बिछड़कर शरणार्थियों की तरह जीवन जीने को मजबूर थे। इधर, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने नई दिल्ली में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर साइलेंट मार्च में भाग लिया। साथ ही मोमबत्तियां जलाईं। सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह भारतीय इतिहास के सबसे दर्दनाक अध्यायों में से एक है। हम अपने उन पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने यहां एक नया जीवन शुरू करने के लिए अपना सब कुछ त्याग दिया। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। (Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas)
बंटवारे के दौरान 20 लाख से ज्यादा लोग मारे गए: शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जिस पीढ़ी ने बंटवारे का दंश झेला है, कांग्रेस की सत्ता लोलुपता और सत्ता पाने की अति महत्वाकांक्षा के कारण जिस तरह देश का बंटवारा हुआ और देश को उस बंटवारे की कीमत चुकानी पड़ी। भारत और बंगाल के बंटवारे के दौरान 20 लाख से ज़्यादा लोग मारे गए, लाखों लोगों ने विस्थापन का दर्द झेला। भाजपा बंटवारे के दर्द को बांटने और भविष्य में ऐसा दिन फिर न आए, इसका संकल्प लेने के लिए इस दिन को मनाती है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “ऐसी अनेक-अनेक घटनाएं देश में पिछले समय में कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस पार्टी के नेताओं के संरक्षण में देश की जनता और चुनाव प्रक्रिया ने देखी है। सोनिया गांधी जिन्होंने 1983 में भारत की नागरिकता हासिल की वे पहले ही 1980 में देश की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा पाईं। कांग्रेस पार्टी से मैं आज एक बार फिर प्रश्न करता हूं कि उन्होंने वोटर्स लिस्ट को प्रभावित करने का खेल कैसे किया और कैसे एक व्यक्ति देश का नागरिक बने बिना मतदान करने का अधिकार हासिल कर पाया था ? (Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas)
नाइट्रिक एसिड डाल दिया गया था: शेखावत
उन्होंने कहा कि 1952 के चुनाव में तत्कालीन नेता जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में बैलेट बॉक्स में नाइट्रिक एसिड डाल दिया गया था। इसके बाद के कालखंड में गांधी-नेहरू परिवार ने एक बार फिर सत्ता में बने रहने के लिए इंदिरा गांधी के चुनाव के समय सरकारी संसाधनों का दुरूपयोग किया। सोनिया गांधी को लेकर कल एक प्रश्न पूछा गया था। मैं आश्चर्यचकित हूं कि 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कांग्रेस पार्टी या गांधी परिवार ने उस प्रश्न को लेकर किसी भी प्रकार का उत्तर नहीं दिया है। 1983 में जब सोनिया गांधी को भारत की नागरिकता मिली थी उससे 3 साल पहले बिना भारत का नागरिक हुए किस कानून और आधार पर उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था? दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं उन लोगों से पूछना चाहती हूं जो आजादी का श्रेय लेते हैं, लेकिन विभाजन की जिम्मेदारी नहीं लेते। इस विभाजन के कारण जिन लाखों लोगों की जिंदगी बर्बाद हुई, जिन बहनों के घर छीन लिए गए, इसकी जिम्मेदारी उन लोगों की है जो आज संविधान की कॉपी जेब में लेकर घूमते हैं। (Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas)
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कसा तंज
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अगर हम इतिहास को याद नहीं करेंगे, इतिहास की गलतियों को नहीं समझेंगे और उन अनुभवों को आत्मसात नहीं करेंगे तो भविष्य अच्छा नहीं होगा। 15 अगस्त को देश को आजादी मिली थी लेकिन 14 अगस्त को क्या हुआ था? किस आधार पर विभाजन किया गया? विभाजन के पीछे क्या नीति थी? इस सभी विषय को राष्ट्र याद रखे, उसके बारे में चिंता करे और उसे जाने इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ साल पहले ‘विभजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का पालन करने का फैसला किया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि 1947 में हमारे पास जवाहरलाल नेहरू जैसे कमज़ोर प्रधानमंत्री थे इसीलिए देश का बंटवारा हुआ। अगर देश में आज जैसा मज़बूत नेतृत्व होता, तो हमारे देश का बंटवारा कभी नहीं होता। (Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas)
कांग्रेस पार्टी के भी उस विभाजन के पत्र पर हस्ताक्षर हैं: साहा
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2021 में आह्वान किया था कि 14 अगस्त को सभी को याद करना चाहिए कि देश के विभाजन में क्या विभीषिका हुई। यह किसकी वजह से हुआ। आज विभाजन विभीषिका दिवस पर त्रिपुरा राज्य स्तर पर, शिक्षा विभाग की ओर से एक चर्चा रखी गई है, यहां MBB कॉलेज सभागार में छात्रों के साथ भी चर्चा की गई है। सबको इतिहास को जानना चाहिए। हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि विभाजन का दर्द सिर्फ़ उन लोगों को नहीं है जो विस्थापित हुए, चाहे यहां से वहां गए हों या वहां से यहां सभी 140 करोड़ लोगों को इसका दर्द महसूस करना चाहिए, क्योंकि आज ही के दिन भारत का विभाजन हुआ था और विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था। आज वे कहते हैं कि हम एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी हैं, उस समय आपकी धर्मनिरपेक्षता कहां गई थी? कांग्रेस पार्टी के भी उस विभाजन के पत्र पर हस्ताक्षर हैं। आपने उस समय विरोध क्यों नहीं किया? (Vibhajan Vibhishika Smriti Diwas)



