Google Analytics —— Meta Pixel

INDIA गठबंधन के नेताओं ने संसद परिसर में किया विरोध प्रदर्शन, संविधान को लेकर मोदी सरकार को फिर घेरा

INDIA Alliance Protest: INDIA गठबंधन के नेताओं ने संसद परिसर में संविधान की प्रति लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए हमने जो कोशिश की थी उसमें जनता हमारे साथ है, लेकिन PM नरेंद्र मोदी ने संविधान को तोड़ने की कोशिश की। इसलिए हम एकत्रित होकर विरोध कर रहे हैं। पहले जहां गांधी जी की प्रतिमा थी वहीं पर विरोध कर रहे हैं। हर लोकतांत्रिक नियमों को तोड़ा जा रहा है। इसलिए हम बता रहे हैं कि मोदी जी संविधान के तहत चलिए।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह जो आक्रमण संविधान पर कर रहे हैं, वो हमारे लिए स्वीकार्य नहीं है और वो हम नहीं होने देंगे इसलिए हमने शपथ लेते समय संविधान पकड़ा था। हिंदुस्तान के संविधान को कोई शक्ति नहीं छू सकती है। TMC सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि हमारी मांग संविधान की रक्षा करना है। UCC लाया जाएगा। भारत-बांग्लादेश के बीच समझौता में पश्चिम बंगाल सरकार को नहीं बुलाया जाता। एकतरफा सब किया जाता है। संविधान की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। (INDIA Alliance Protest)

TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि हम इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। नरेंद्र मोदी सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया है, जिस तरह से प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति की गई है, वह संविधान के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि मुझे लगता है कि सत्तापक्ष अपने घमंड को भूला नहीं है। आज देश के सामने जो अहम मुद्दे हैं, उसको सदन में उठाना चाहिए और सदन की गरिमा को भी बरकरार रखना चाहिए, लेकिन हम देख रहे हैं कि वो देश के मुद्दों को नजरअंदाज कर रहे हैं। (INDIA Alliance Protest)

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि INDIA गठबंधन नई संसद के युग की शुरुआत कर रहा है। महात्मा गांधी पूरे देश के लिए एक मार्गदर्शक प्रकाश हैं, जिस तरह से भाजपा ने महात्मा गांधी की मूर्ति को हटाया वह अस्वीकार्य है। महात्मा गांधी की मूर्ति को एक कोने में ले जाने के इस फैसले से लोकतंत्र की हत्या करने की भाजपा की मंशा झलक रही है। फिर भी हमने इसी संविधान के साथ चुनाव लड़ा था। देश के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि एक महान भविष्य के लिए संविधान को बनाए रखा जाए, जिस तरह से भाजपा ने संविधान को बदलने की कोशिश की, उसे भारत के लोगों ने रोक दिया है। (INDIA Alliance Protest)

कांग्रेस सांसद वेणुगोपाल ने कहा कि हम शपथ ग्रहण के लिए संसद जाने से पहले संविधान को थामे हुए हैं। हम यह संदेश दे रहे हैं कि संविधान महत्वपूर्ण है। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद के बाहर के पहले संबोधन में उन्होंने अपने 4 मंत्रियों को साथ में रखा, लेकिन NDA के किसी सदस्य को नहीं रखा। PM ने आपातकाल का दौर तो याद दिलाया, लेकिन देश में जो शिक्षा को लेकर आपातकाल लगा है, पेपर लीक हो रहे हैं, परीक्षाएं रद्द हो रही है ये कहां तक सही है। (INDIA Alliance Protest)

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को आज के मुद्दों पर बात करनी चाहिए, जो देश के सबसे ज्वलंत मुद्दे हैं। NDA की शुरुआत गलत तरीके से हुई है, जहां कोई भी गठबंधन का नेता उनके साथ नहीं था। नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने कहा कि मैं सभी जीते हुए सांसदों को मुबारकबाद देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह संसद लोकतंत्र को जिंदा रखेगी, जो नफरतें इस चुनाव में पैदा की गई हैं उसे खत्म किया जाएगा। इस बार एक मजबूत विपक्ष आया है। आज हुकूमत बैसाखी पर है। लोगों के मुद्दों को सत्तापक्ष को देखना पड़ेगा। स्पीकर को भी विपक्ष पर ध्यान देना होगा और उनकी बातें सुननी होगी। (INDIA Alliance Protest)

लोकसभा की परंपरा का उल्लंघन: कांग्रेस सांसद के. सुरेश

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह आवाज हमेशा निष्पक्ष और कमज़ोरों के लिए रहेगी। मैं उनकी आवाज हूं, जिन्हें इंसान नहीं जानवर मान कर सामाजिक-आर्थिक आधार पर कुचला गया है। जब तक चंद्रशेखर आजाद संसद में है तब तक हर जुल्म के खिलाफ आवाज उठेगी और सरकारों से जवाब मांगा जाएगा। कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा कि एनडीए सरकार ने लोकसभा की परंपरा का उल्लंघन किया है। अब तक परंपरा यह थी कि जो सांसद सबसे ज्यादा बार निर्वाचित होता है, वही प्रोटेम स्पीकर बनता है। (INDIA Alliance Protest)

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने किया पलटवार 

कांग्रेस सांसद सुरेश ने कहा कि भर्तृहरि महताब 7वीं बार सांसद चुने गए हैं। जबकि मैं 8वीं बार सांसद चुना गया हूं। वे फिर से विपक्ष का अपमान कर रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैंने सभी नेताओं से मुलाकात की है। सभी इस बात पर सहमत हैं कि भारतीय संसद के इतिहास में प्रोटेम स्पीकर कभी मुद्दा नहीं रहा और प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति मूल रूप से नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने और नए अध्यक्ष के चुनाव में मदद करने के लिए होती है। (INDIA Alliance Protest)

Back to top button
error: Content is protected !!