India Flood Update: देश में बाढ़ और बारिश का कहर, अब तक 270 से ज्यादा ने गंवाई जान

India Flood Update: गुजरात समेत देश के दूसरे राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर लगातार जारी है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और कर्नाटक में बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई है। इस बीच बाढ़ से अब तक 270 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालात को देखते हुए ठाणे में 12वीं तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। महाराष्ट्र में बाढ़ और बारिश से अब तक 89 लोगों की मौत हो गई है।गुजरात में 83 लोगों की मौत हो चुकी है। नवसारी में स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। राहत और बचाव का काम जारी है।

यह भी पढ़ें:- Transfer Of Policemen: छत्तीसगढ़ में SP और ASP समेत 44 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, आदेश जारी

पालघर के वहाडोली में काम करने गए 13 मजदूर वैतरणा नदी में फंस गए। घंटो ऑपरेशन चलता रहा। पानी का बहव काफी तेज होने की वजह से NDRF को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश की वजह से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता गया। देर रात तक मजदूरों को जब निकालने में कामयाबी नहीं मिती तो राज्य सरकार से मदद मांगी गई। पालघर जिले में बहने वाली तानसा नदी भी खतरे के निशान को पार कर गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि तानसा नदी पर बना पुल पानी में डूब गया है। तानसी नदी पर बने गोराड पुल के पानी में डूबने से पालघर के वडा तालुका के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। पालघर में बाढ़ और बारिश की दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ गांवों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ जगह-जगह लैंडस्लाइड ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी हैं।

पालघर के पास अहमदाबाद मुंबई हाईवे पर लैंडस्लाइड होने से रास्ता जाम हो गया। उधर भारी बारिश से नालों में उफान की वजह से ठाणे में एक 7 साल का बच्चा पानी में बह गया। बताया जा रहा है कि बच्चा साइकिल चला रहा था और अचानक उसका बैलेंस बिगड़ा और वो पानी में गिर गया। हादसे की खबर मिलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश में जुट गई लेकिन देर रात तक बचाव टीम को कोई सफलता नहीं मिली ठाणे में बाढ़ के हालात को देखते हुए स्कूलों में दो दिन की छुट्टी कर दी गई है। गोंदिया में भी बाढ़ की वजह से पूरी सड़क ही सैलाब में बह गई। इस तरह की खबरें महाराष्ट्र कई जिलों से आ रही हैं। (India Flood Update)

वहीं गुजरात के वलसाड में बारिश की वजह से जिले के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। औरंगा नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। वहीं नवसारी जिले में बहने वाली 3 नदियों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। करीब 40 हजार लोग प्रभावित हुए हैं, उसमें से करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थल पर पहुंचा दिया गया है। NDRF द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मध्यप्रदेश में आसमानी आफत कहर बनकर टूटी है। छिंदवाड़ा से लेकर हरदा तक बुरा हाल है। MP के पांच जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। महाराष्ट्र में के पालघर में वैतरणा नदी उफान पर है। हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। नदी किनारे बसे गांव पानी में डूबने लगे हैं। (India Flood Update)

वसारी में नदी का उफान सबकुछ अपने आगोश में समा लेने के लिए बेताब नजर आया। नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी गुजर रहा है। पहले थोड़ा थोड़ा पुल दिखाई दे रहा था, लेकिन अचानक नदी में तेज उफान आ गया नदी की लहरें समंदर की लहरों में तब्दील हो गई। लहरें पुल से कई फीट ऊपर तक उठती नजर आईं। एक पल तो ऐसा लगा जैसे नदी का ये विकराल रूप कहीं पुल का ना बहा ले जाए। नदियों के उफान का असर रिहायशी इलाकों में पड़ने लगा है। रिहायशी इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। घरों की निचली मंजिल पानी में समा गई है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं नवसारी में बाढ़ के हालात को देखते हुए स्कूल और कॉलेजों में छुट्टियां कर दी गई हैं। (India Flood Update)

इधर, मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। कहीं पुल बह गया है तो कहीं लोग सैलाब में बह गए। छिंदवाड़ा की जाम नदी पूरे उफान पर है। बारिश का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। पानी का बहाव काफी तेज है। छिंदवाड़ा में रिहायशी इलाकों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। गांव के गांव पानी में डूबे हुए हैं। ऐसा कोई घर नहीं बचा है जो पानी में ना डूबा हो। ऐसे में इनके सामने खाने पीने का संकट भी खड़ा होने लगा है। छिंदवाड़ा में इन दिनों भारी बारिश से जगह जगह सड़कें टूट गई हैं। पानी पुल को भी बहा ले गया है। लोगों को आने जाने में काफी मुश्किल हो रही है। छिंदवाड़ा के सौसर में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश से बिछुआ के पास पुल टूट गया। बताया जा रहा है कि नागपुर हाइवे पानी भरने के बाद काफी देर तक बंद रहा। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश और बाढ़ से कई राज्यों में हाहाकार मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button