India Monsoon 2025 : देशभर में समय से पहले पहुंचा मानसून, अगले 7 दिनों तक इन राज्यों में भारी बरिश की संभावना

India Monsoon 2025 : देशभर में मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। आमतौर पर केरल तट से जून के पहले सप्ताह में मानसून की शुरुआत होती है, लेकिन इस बार यह लगभग 8 दिन पहले ही पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून ने इस बार अपेक्षा से तेज़ रफ्तार पकड़ी है और अब पूरे देश में सक्रिय हो गया है।
वही, छत्तीसगढ़ में आगामी 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में तेज बारिश के साथ-साथ मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। जलभराव की स्थिति भी कुछ इलाकों में देखने को मिली है।
दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इस बारिश ने जहां एक ओर तापमान में गिरावट लाकर लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें :- “पढ़ाई ठीक से करना है न… मोबाइल ज्यादा नहीं देखना” – बच्चों से बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
उत्तर प्रदेश में मानसून अपने चरम पर है। मौसम विभाग ने राज्य के 40 से अधिक जिलों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों में तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। (India Monsoon 2025)
महाराष्ट्र और गुजरात में मानसून की दस्तक ने किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। इन राज्यों में खरीफ सीजन की बुवाई की तैयारी शुरू हो चुकी है। खेतों में नमी बढ़ने से सिंचाई की आवश्यकता कम होगी, जिससे किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। (India Monsoon 2025)
बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मानसून सक्रिय हो गया है। यहां के किसानों को बारिश से बड़ी राहत मिली है क्योंकि अब उन्हें पानी के लिए नहरों और पंपों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है।
आज, 30 जून को झारखंड के विभिन्न इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून से 5 जुलाई तक झारखंड, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
विदर्भ क्षेत्र में 2 जुलाई तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 जून से 5 जुलाई तक, तथा गंगा के मैदानी इलाकों में 30 जून से 1 जुलाई तक बारिश का असर देखने को मिलेगा। वहीं, मध्य प्रदेश और बिहार में 4 और 5 जुलाई को, जबकि 30 जून से 2 जुलाई के बीच झारखंड, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश की आशंका है।
खासकर 1 जुलाई को झारखंड और 30 जून से 5 जुलाई तक ओडिशा में वर्षा का प्रकोप अधिक रहने की चेतावनी जारी की गई है। कुल मिलाकर इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक देकर जहां खेती-किसानी को गति दी है, वहीं कुछ राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त भी किया है। (India Monsoon 2025)



