Google Analytics —— Meta Pixel

UN में भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी, कहा- आतंकवाद बर्दाश्त नहीं, जीत के दावे पर भी पलटवार 

India Reply on Pakistan: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दिए गए भाषण पर भारत ने सख्त आपत्ति जताते हुए उन्हें करारा जवाब दिया। भारत ने कहा कि पाकिस्तान एक बार फिर आतंकवाद का महिमामंडन कर रहा है और झूठ फैलाकर सच्चाई को छिपाने की कोशिश कर रहा है।

यह भी पढ़ें:- बरेली बवाल पर योगी की हुंकार, बोले – मौलाना भूल गया कि राज्य में सत्ता किसकी है

भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की पहली सचिव पेटल गहलोत ने पाकिस्तान के दावों को खारिज किया और उसे आतंकवाद का प्रायोजक देश करार दिया। गहलोत ने कहा कि इस सभा ने सुबह-सुबह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की बेतुकी नौटंकी देखी, जिन्होंने एक बार फिर आतंकवाद का महिमामंडन किया, जो उनकी विदेश नीति का केंद्र बिंदु है। हालांकि किसी भी स्तर का नाटक और झूठ तथ्यों को नहीं छिपा सकते। (India Reply on Pakistan)

उन्होंने कहा कि यह वही पाकिस्तान है, जिसने 25 अप्रैल 2025 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारतीय केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में पर्यटकों के नरसंहार की जिम्मेदारी से एक पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवादी संगठन रेजिस्टेंस फ्रंट को बचाया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को फैलाने और निर्यात करने की परंपरा में डूबा हुआ है। यह वही देश है, जिसने एक दशक तक ओसामा बिन लादेन को छिपाकर रखा और फिर आतंकवाद विरोधी युद्ध में भागीदार होने का दिखावा किया। गहलोत ने आगे कहा कि एक तस्वीर हजार शब्द बयां करती है और हमने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर और मुरीदके आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के मारे गए आतंकवादियों की कई तस्वीरें देखी। जब वरिष्ठ पाकिस्तानी सैन्य और असैन्य अधिकारी सार्वजनिक रूप से ऐसे कुख्यात आतंकवादियों का महिमामंडन और श्रद्धांजलि देते हैं तो क्या इस शासन की प्रवृत्ति पर कोई संदेह हो सकता है ? (India Reply on Pakistan)

पाकिस्तानी PM के जीत के दावे पर पलटवार

भारत ने शरीफ के इस दावे को भी झूठा बताया कि संघर्ष में पाकिस्तान ने भारत के 7 विमान गिराए थे। गहलोत ने कहा कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत के साथ हालिया संघर्ष का एक विचित्र विवरण भी दिया। इस मामले में रिकॉर्ड स्पष्ट है। 9 मई तक पाकिस्तान भारत पर और हमले करने की धमकी दे रहा था, लेकिन 10 मई को सेना ने हमसे सीधे लड़ाई बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीच में जो घटना घटी, वह थी भारतीय सेना की ओर से कई पाकिस्तानी हवाई ठिकानों को पहुंचाई गई तबाही। अगर नष्ट हुए रनवे और जले हुए हैंगर जीत की तरह लगते हैं, जैसा कि प्रधानमंत्री ने दावा किया है तो पाकिस्तान इसका आनंद ले सकता है। सच्चाई यह है कि अतीत की तरह पाकिस्तान भारत में निर्दोष नागरिकों पर आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार है। हमने अपने लोगों की रक्षा के अधिकार का इस्तेमाल किया है। 

आतंकवादियों और प्रायोजकों में कोई फर्क नहीं: भारत

गहलोत ने चेतावनी देते हुए कहा कि जहां तक आतंकवाद का सवाल है, हम यह स्पष्ट कर रहे हैं कि आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के बीच कोई भेद नहीं किया जाएगा। दोनों को जवाबदेह ठहराया जाएगा और न ही हम परमाणु ब्लैकमेल की आड़ में आतंकवाद को पनपने देंगे। भारत ऐसी धमकियों के आगे कभी नहीं झुकेगा। दुनिया के लिए भारत का संदेश स्पष्ट है। आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। शरीफ ने अपने भाषण में भारत के साथ शांति की इच्छा जताई। इस पर भारत ने तीखा पलटवार किया। गहलोत ने कहा कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत के साथ शांति की बात कही है। अगर वह सचमुच सच्चे हैं तो रास्ता साफ है। पाकिस्तान को तुरंत सभी आतंकवादी शिविर बंद करने चाहिए और भारत में वांछित आतंकवादियों को हमें सौंप देना चाहिए। यह भी विडंबना ही है कि एक ऐसा देश जो नफ़रत, कट्टरता और असहिष्णुता का पालन करता है, इस सभा को आस्था के मामलों पर उपदेश दे रहा है। पाकिस्तान का राजनीतिक और सार्वजनिक विमर्श उसके असली स्वरूप को दर्शाता है। जाहिर है उन्हें आईने में देखने की बहुत देर हो चुकी है। 

कश्मीर मुद्दे पर भारत का दोहराया रुख

शरीफ ने हमेशा की तरह कश्मीर का मुद्दा उठाया और संयुक्त राष्ट्र के तहत जनमत संग्रह की मांग की। भारत ने इस पर अपनी दीर्घकालिक स्थिति दोहराई। गहलोत ने कहा कि भारत और पाकिस्तान लंबे समय से इस बात पर सहमत हैं कि उनके बीच किसी भी लंबित मुद्दे का समाधान द्विपक्षीय रूप से किया जाएगा। इस संबंध में किसी तीसरे पक्ष के लिए कोई जगह नहीं है। यह हमारी दीर्घकालिक राष्ट्रीय स्थिति है। गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान ने ओसामा बिन लादेन को दस साल तक छिपाया। उनके मंत्री अब स्वीकार कर रहे हैं कि वे दशकों से आतंकी शिविर चला रहे हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि प्रधानमंत्री स्तर तक यह दोगलापन जारी है। 

पाकिस्तान को दिलाया याद

उन्होंने याद दिलाया कि अप्रैल 2025 में पाकिस्तान ने UNSC में आतंकी संगठन रेजिस्टेंस फ्रंट को बचाने का काम किया था, जबकि वही संगठन जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की हत्या के लिए जिम्मेदार था। भारत ने साफ कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा और पाकिस्तान की झूठी दलीलों, युद्ध की धमकियों और परमाणु ब्लैकमेल से डरने वाला नहीं है। भारत का स्पष्ट संदेश संयुक्त राष्ट्र में दर्ज हुआ कि आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों में कोई फर्क नहीं, दोनों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। (India Reply on Pakistan)

Back to top button
error: Content is protected !!