1.4 अरब के भारतीय बाजार पर अमेरिका की नजर, अंतिम दौर में ट्रेड डील, टैरिफ विवाद के बीच समझौते की उम्मीद

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचती नजर आ रही है। अमेरिका की डिप्टी असिस्टेंट सेक्रेटरी बेथनी मॉरिसन ने कहा है कि दोनों देशों के बीच समझौता लगभग पूरा हो चुका है। वहीं अमेरिकी सांसदों और सीनेटरों ने भी व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की वकालत की है, हालांकि कुछ चुनौतियों और व्यापार असंतुलन की ओर भी इशारा किया गया है। इस बीच भारत नए वैश्विक बाजारों, खासकर लैटिन अमेरिका और कैरेबियन देशों के साथ भी अपने व्यापारिक रिश्तों को विस्तार देने की रणनीति पर काम कर रहा है। अमेरिका की डिप्टी असिस्टेंट सेक्रेटरी बेथनी मॉरिसन ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील लगभग पूरी होने के करीब है। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में इस ऐतिहासिक समझौते को खत्म करने की बात कही गई थी और अब दोनों देश इसके बहुत करीब हैं।
मॉरिसन ने कहा कि इस डील से भारत का 1.4 अरब लोगों का बाजार अमेरिकी सामान के लिए और ज्यादा खुल सकता है, जिससे दोनों देशों को फायदा होगा। वहीं कंसास के सीनेटर रोजर मार्शल ने कहा कि ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर कुछ चुनौतियां हैं। दोनों देशों के बीच 50 अरब डॉलर का असंतुलन है। अभी कुछ काम बाकी है। मैं इथेनॉल जैसे मौकों को लेकर उम्मीद रखता हूं। सालों से भारत ने वहां आने वाले अमेरिकी सामानों के लिए रुकावटें और टैरिफ लगा रखे हैं। इसलिए अगर आप चाहते हैं कि हम आपके बनाए प्रोडक्ट्स खरीदें, तो साफ कहूं तो हम उम्मीद करते हैं कि आप भी हमारे साथ वैसा ही व्यापार करेंगे। कंसास के सीनेटर मार्शल ने आगे कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। हमारी कई वैल्यूज एक जैसी हैं। इसके अलावा हम दोनों ही लोकतंत्र हैं और एक आजाद दुनिया चाहते हैं। हमारे पास कई तरह से साथ मिलकर काम करने का मौका है। हां थोड़ी-बहुत अनबन तो होती ही है। अनबन तो हमेशा होगी ही, जैसे एक परिवार में होती है। (India US Trade Deal)
भारत से आए लोगों से वापस जाने को कहा: कांग्रेसमैन राजा
कांग्रेसमैन ब्रैड शर्मन ने कहा कि इस प्रशासन की शुरुआत भारी टैरिफ के साथ हुई थी और मुझे पूरी उम्मीद है कि हम अमेरिका और भारत के बीच सामान्य व्यापारिक संबंध फिर से बहाल कर सकेंगे। यह दोनों अर्थव्यवस्थाओं के लिए और हमारे जियो-स्ट्रेटेजिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि MAGA समुदाय में कुछ ऐसे लोग हैं, जो हर किसी के खिलाफ हैं। इसमें इंडो-अमेरिकन भी शामिल हैं। हमने अपने देश में जेनोफोबिया (विदेशियों के प्रति नफरत) का सामना किया है, लेकिन पिछले 250 सालों में यह दुनिया का सबसे स्वागत करने वाला देश रहा है और हर प्रवासी समूह को किसी न किसी स्तर पर भेदभाव का सामना करना पड़ा है। कांग्रेसमैन राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि हमने टेक्सास में देखा कि कैसे गोरे वर्चस्ववादियों के एक समूह ने सिटी हॉल के सामने भारतीय झंडा फाड़ दिया और भारत से आए लोगों से वापस जाने को कहा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बिना वजह ट्रेड वॉर शुरू किया: कृष्णमूर्ति
उन्होंने कहा कि टेक्सास पर हिंदुओं का कब्जा हो रहा है। उन्होंने और भी कई तरह की बेतुकी बातें कहीं। हमें किसी के भी प्रति भेदभाव के खिलाफ आवाज उठानी होगी। हमें यह पक्का करना होगा कि हर कोई समझे कि यह ‘अन-अमेरिकन’ यानी अमेरिकी मूल्यों के खिलाफ है और अमेरिका में इसके लिए कोई जगह नहीं है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने बिना वजह हमारे कई दोस्तों, साझेदारों और सहयोगियों के साथ ट्रेड वॉर शुरू कर दिया है। इसका नतीजा यह हुआ है कि अमेरिकियों को ज्यादा कीमतें चुकानी पड़ रही हैं। जब तक ये ट्रेड वॉर और सभी चीजों पर टैरिफ लागू रहेंगे, तब तक हम असल में अपना ही नुकसान कर रहे होंगे। कांग्रेसमैन सुहास सुब्रमण्यम ने कहा कि इस प्रशासन ने US-भारत संबंधों को बहुत नुकसान पहुंचाया है। इसलिए अब हम उन संबंधों को फिर से मजबूत करने और उनमें नई जान डालने की कोशिश कर रहे हैं।
भारत-लैटिन अमेरिका और कैरिबियन बिजनेस-डिप्लोमैटिक कॉन्फ्रेंस
सुब्रमण्यम ने आगे कहा कि यह दुनिया के सबसे अहम रिश्तों में से एक है। हमें यह पक्का करना होगा कि आतंकवाद का मुकाबला करने और आर्थिक फायदे-व्यापार के मामलों में US और भारत एक ही राय रखें। हमें यह भी पक्का करना होगा कि जब हम चीन का मुकाबला करने की सोचें, तो भारत उसमें हमारा पार्टनर हो और हम वहां रिश्तों को सामान्य बनाने की कोशिश करें। इस बीच दिल्ली में आयोजित भारत-लैटिन अमेरिका और कैरिबियन बिजनेस-डिप्लोमैटिक कॉन्फ्रेंस पर फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स (FIEO) के DG और CEO अजय सहाय ने कहा कि इन देशों में इम्पोर्ट की भी काफी मांग होगी। इसलिए शायद उनके साथ जुड़ने का यह सही तरीका है। हम अपने रिश्ते बढ़ाएं और इन बाजोरों में और पैठ बनाएं। US-ईरान शांति समझौते पर कहा कि मुझे लगता है कि शायद हमें कभी न खत्म होने वाले युद्ध के दौर में जीना होगा। मुझे पक्का नहीं पता कि हम कब सामान्य स्थिति में लौटेंगे, क्योंकि इसमें थोड़ा और समय लगेगा। हम देख रहे हैं कि बातचीत भी आगे-पीछे हो रही है। तो आइए पहले देखते हैं कि समझौता आखिरकार कैसे पूरा होता है। (India US Trade Deal)
2030 तक 100 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य: गुआनी
भारत में उरुग्वे के राजदूत अल्बर्टो एंटोनियो गुआनी अमरीला ने कहा कि भारत के लिए लैटिन अमेरिका को एक बहुत महत्वपूर्ण पार्टनर के तौर पर देखने का यह एक और अहम पहलू है। मैं कहूंगा कि हाल के सालों में हमने अपनी पहचान बनाई है। यह देखना बहुत जरूरी है कि हमारा व्यापार अभी 50 अरब डॉलर का है, जो 2030 तक 100 अरब डॉलर का हो जाएगा। हमें पूरी उम्मीद है कि जब भारत एक विकसित देश बन जाएगा, तब तक हम एक मजबूत पार्टनर बन चुके होंगे और कई दूसरे प्रोडक्टिव सेक्टर के साथ अपने संबंधों को और बढ़ा सकेंगे। इसलिए हमारे लिए इस दिशा में आगे बढ़ते रहना बहुत जरूरी है। तो भारत और यूरोप भविष्य में साथ-साथ कैसे आगे बढ़ सकते हैं? खैर कई मौके हैं। हमें अब पूरी उम्मीद है कि भारत अगले महीने उरुग्वे में दूतावास खोलने जा रहा है। हमें उम्मीद है कि मंत्री जयशंकर वहां मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो सकेंगे और हमें बहुत खुशी होगी अगर हमारे राष्ट्रपति भारत आएं और निश्चित रूप से प्रधानमंत्री मोदी उरुग्वे का दौरा करें।



