Google Analytics —— Meta Pixel

भारत में हवाई यात्रा प्रभावित, 7 एयरपोर्ट पर इंडिगो की 100 से ज्यादा फ्लाइटें रद्द

Indigo Flights Cancelled 2025: भारत के कई बड़े एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों के लिए बुधवार का दिन मुश्किलों से भरा रहा। इंडिगो एयरलाइंस की 100 से ज्यादा उड़ानें तकनीकी खराबी, क्रू मेंबर्स की कमी और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण रद्द या देरी से चली। उड़ान संचालन प्रभावित होने से हजारों यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। इंदौर, हैदराबाद, सूरत, अहमदाबाद, दिल्ली और बेंगलुरु समेत सात एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट सर्विस बाधित रही। अकेले बेंगलुरु में ही 42 उड़ानें रद्द करनी पड़ी। जबकि अहमदाबाद में 25, हैदराबाद में 19, इंदौर में 11 और सूरत में 8 उड़ानें रद्द हुईं।

यह भी पढ़ें:- दूसरे वनडे में हारी भारतीय टीम, सीरीज 1-1 से बराबर, 6 दिसंबर को होगा तीसरा मुकाबला

इंडिगो ने कहा कि खराब मौसम, सिस्टम में रुकावट और स्टाफ से जुड़े नए नियमों के चलते दो दिनों से ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं। इससे यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हम क्षमा चाहते हैं। अगले 48 घंटे में उड़ान संचालन पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा। एयरलाइन का कहना है कि कई एयरपोर्ट पर एक साथ टेक्नोलॉजी सिस्टम प्रभावित होने से चेक-इन और बैगेज प्रोसेसिंग धीमी हुई, जिसका सीधा असर फ्लाइट शेड्यूल पर पड़ा। इस पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मामला इसलिए बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि पिछले महीने से लगातार बनी हुई है। (Indigo Flights Cancelled 2025)

चेक-इन सिस्टम ठप, यात्री फंसे

नवंबर महीने में कुल 1272 फ्लाइटें रद्द हुई थी। इनमें से 755 उड़ानें सिर्फ क्रू की कमी और ड्यूटी शेड्यूल बदलाव के कारण रद्द करनी पड़ी। DGCA ने एयरलाइन से पूछा है कि इतने बड़े पैमाने पर स्टाफ कमी कैसे हुई और क्या एयरलाइन ने अग्रिम तैयारी नहीं की थी। सुबह 7 बजे के आसपास दिल्ली एयरपोर्ट का डिजिटल चेक-इन सिस्टम डाउन हो गया। इससे चार एयरलाइंस प्रभावित हुई, जिसमें इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस शामिल है। लंबी कतारें बनने लगी और कई यात्रियों की उड़ानें छूट गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर समस्या को ठीक करने में जुटी हैं। यात्रियों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं, जिसमें मैनुअल चेक-इन, मैनुअल बोर्डिंग और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती शामिल हैं।

बेंगलुरु में 42 उड़ानें रद्द, 4 फ्लाइट लेट

हैदराबाद में चेक-इन डिले के कारण यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई यात्रियों ने शिकायत की कि काउंटर पर 30-45 मिनट से ज्यादा का इंतजार करना पड़ा। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खामी, एयरपोर्ट पर बढ़ती भीड़ और ऑपरेशनल जरूरतों के कारण कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ी। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कुल 42 फ्लाइट्स रद्द की गई, जिसमें 22 आने वाली और 20 जाने वाली शामिल हैं। इसके अलावा चेक-इन सिस्टम धीमा होने से चार उड़ानों की प्रस्थान समय में देरी हुई। यहां भी मैनुअल चेक-इन की व्यवस्था लागू की गई। (Indigo Flights Cancelled 2025)

यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश

इंडिगो की ओर से कहा गया है कि यात्री एयरपोर्ट पर समय से पहले पहुंचे। मौजूदा स्थिति में मैनुअल चेक-इन में 25-40 मिनट से ज्यादा लग रहे हैं, जिसकी वजह से बैगेज ड्रॉप और सिक्योरिटी चेक की लाइनें भी लंबी हैं। एयरपोर्ट की ओर से कहा गया है कि यात्री फ्लाइट स्टेटस खुद जांचें। कई एयरलाइंस SMS/Email अलर्ट नहीं भेज पा रही है। एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर रियल-टाइम स्टेटस देखें। फ्लाइट रद्द होने पर पूरा रिफंड, बिना अतिरिक्त शुल्क रीबुकिंग, वाउचर विकल्प मिलते हैं। कनेक्टिंग उड़ानों वाले यात्रियों को सावधान रहने को कहा गया है। मिस्ड कनेक्शन की संभावना बढ़ने के चलते ऐसा कहा गया है। री-रूटिंग के लिए कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर सकते हैं।

GPS स्पूफिंग का खतरा

विमानन क्षेत्र के अधिकारियों के मुताबिक पिछले महीने दिल्ली के आसपास 100 किलोमीटर के दायरे में GPS स्पूफिंग की घटनाएं दर्ज की गई थी। इस दौरान विमानों के नेविगेशन सिस्टम पर गलत लोकेशन, गुमराह करने वाले अलर्ट और पायलटों को जारी फर्जी संकेत मिले थे, जिन्हें साइबर हमला माना गया। GPS स्पूफिंग में हैकर्स फर्जी सिग्नल भेजकर विमान को गुमराह करने की कोशिश करते हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने राज्यसभा में दी जानकारी

आमतौर पर इसका इस्तेमाल युद्ध क्षेत्रों में दुश्मन विमान या ड्रोन को रोकने के लिए किया जाता है। हालांकि 1 दिसंबर 2025 को राज्यसभा में नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने माना कि दिल्ली के पास GPS स्पूफिंग की घटना हुई थी। सरकार के मुताबिक 800 से ज्यादा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से उड़ी। 20 उड़ानें रद्द करनी पड़ी। मंत्री ने बताया कि रैनसमवेयर और मैलवेयर अटैक का खतरा वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है। इससे निपटने के लिए एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने सभी IT और क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में एडवांस साइबर सिक्योरिटी सिस्टम लागू कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!