Google Analytics —— Meta Pixel

83 साल के जागेश्वर प्रसाद अवधिया को हाईकोर्ट से 39 साल बाद मिला न्याय, 100 रुपए की रिश्वत के झूठे आरोप ने बदल दी पूरी दुनिया

Jageshwar Prasad Avadhiya Story: रायपुर के 83 साल के जागेश्वर प्रसाद अवधिया ने न्याय की लड़ाई में अपनी पूरी जिंदगी गुजार दी। यह लड़ाई थी 100 रुपए की रिश्वत के झूठे आरोप में बेगुनाही साबित करने की। अब 39 साल बाद बिलासपुर हाईकोर्ट ने उन्हें दोषमुक्त कर बरी कर दिया है। जागेश्वर प्रसाद अवधिया रायपुर के अवधियापरा इलाके के रहने वाले हैं, जिनका कहना है कि देर से मिला न्याय, न्याय न मिलने के समान है। उनकी कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार की संघर्षपूर्ण यात्रा की कहानी है।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Crimes News : मां ने दिव्यांग बेटे को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत

साल 1986 की बात है। उस समय जागेश्वर MPSRTC रायपुर कार्यालय में बिल सहायक के पद पर तैनात थे। इसी दौरान एक कर्मचारी अशोक कुमार वर्मा ने अपना बकाया बिल पास कराने के लिए उन पर दबाव डाला। जागेश्वर ने नियमों का हवाला देते हुए साफ इनकार कर दिया। अगले दिन वर्मा ने 100 रुपए की रिश्वत देकर काम कराने की कोशिश की, जिसे जागेश्वर ने तुरंत लौटा दिया, लेकिन वर्मा के परिवार में कोई पुलिस अधिकारी होने के कारण उन्हें फंसाने की साजिश रची गई। 24 अक्टूबर 1986 को जब वर्मा ऑफिस के लिए निकले तो उन्होंने 100 रुपए जबरदस्ती जागेश्वर की जेब में रख दिए। यह सब लोकायुक्त की विजिलेंस टीम की नजरों के सामने हुआ और तत्काल गिरफ्तारी कर मामला न्यायालय में पहुंच गया। (Jageshwar Prasad Avadhiya Story)

निलंबन और आरोप का परिवार पर असर

इस झूठे आरोप ने जागेश्वर और उनके परिवार की पूरी दुनिया बदल दी। वे साल 1988 से 1994 तक वे निलंबित रहे।
उन्हें साल 1994 में रीवा ट्रांसफर कर दिया गया। वेतन आधा हो गया, प्रमोशन और इंक्रीमेंट रुके। चार बच्चों वाले परिवार को आर्थिक संकट झेलना पड़ा। बच्चों की पढ़ाई अधूरी रह गई। पत्नी लगातार तनाव में रही और आखिर में उनका देहांत हो गया। छोटे बेटे नीरज की शादी भी आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पाई। जागेश्वर बताते हैं कि कई बार सिर्फ सत्तू खाकर, कभी 5 रुपए का दूध पीकर, कई बार भूखे सोते हुए अपनी बेगुनाही साबित करने की लड़ाई लड़ी। समाज ने हमें रिश्वतखोर कहा और परिवार तिरस्कृत हुआ। (Jageshwar Prasad Avadhiya Story)

ट्रायल कोर्ट से हाईकोर्ट तक का सफर

साल 2004 में रायपुर के ट्रायल कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराया और 1 साल की सजा के साथ 1,000 रुपए का जुर्माना सुनाया। जागेश्वर ने हार नहीं मानी और हाईकोर्ट में अपील की। हाईकोर्ट की जस्टिस बीडी गुरु की बेंच ने हाल ही में फैसला सुनाया कि अभियोजन पक्ष रिश्वत लेने या मांगने का कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका। गवाह, दस्तावेज और परिस्थितिजन्य साक्ष्य अपर्याप्त थे। कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट का फैसला पलटते हुए 39 साल बाद जागेश्वर को निर्दोष करार दिया। जागेश्वर ने कहा कि अब न्याय मिला, लेकिन जो खोया, वो वापस नहीं आएगा।

सरकार से नुकसान की भरपाई की मांग

जागेश्वर और उनका परिवार सरकार से बकाया वेतन और नुकसान की भरपाई की मांग कर रहा है। उनके बेटे अखिलेश अवधिया ने बताया कि 500 रुपए की कमी की वजह से मैं अपनी सीए की पढ़ाई नहीं कर पाया। सरकार से उम्मीद है कि हमारी मदद की जाएगी। जागेश्वर के चेहरे पर अब गहरी झुर्रियां, आंखों में 39 साल की कोर्ट-कचहरी की थकावट और अंदर गहरा दर्द साफ दिखता है। 100 रुपए के झूठे आरोप ने उनकी पूरी जिंदगी और परिवार का भविष्य प्रभावित किया, लेकिन उनके नाम के साथ जुड़ा झूठा दाग मिट गया है। न्याय मिला और समाज ने उनके प्रति दृष्टिकोण बदलना शुरू किया। (Jageshwar Prasad Avadhiya Story)

सच्चाई और धैर्य से जीत संभव

जागेश्वर प्रसाद अवधिया की यह कहानी एक चेतावनी है कि कैसे सिस्टम में देरी और झूठे आरोप एक इंसान और उसके परिवार का जीवन तबाह कर सकते हैं, लेकिन यह कहानी हमें यह भी दिखाती है कि सच्चाई और धैर्य से जीत संभव है, भले ही न्याय मिलने में चार दशक लग जाएं। यह कहानी सिस्टम की कमियों, झूठे आरोपों और लंबे समय तक देरी से होने वाले पीड़ा की भी याद दिलाती है। (Jageshwar Prasad Avadhiya Story)

Back to top button
error: Content is protected !!