जैजैपुर कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू गिरफ्तार, 42.78 लाख की धोखाधड़ी केस में 22 जनवरी तक भेजे गए जेल

Jaijaipur Congress MLA Arrested: जांजगीर-चांपा के जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को 42 लाख 78 हजार रुपए की धोखाधड़ी केस में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट के आदेश पर जांजगीर जिला जेल भेज दिया गया है। जिला न्यायालय ने विधायक की नियमित जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
मामला परसापाली के रहने वाले किसान राजकुमार शर्मा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बालेश्वर साहू और उनके सहयोगी गौतम राठौर ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण दिलाने के नाम पर उनके साथ 42 लाख 78 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। जांच में सामने आया कि साल 2015 से 2020 के बीच बालेश्वर साहू बम्हनीडीह जिला सहकारी समिति में प्रबंधक के पद पर पदस्थ थे। उसी दौरान उन्होंने अपने सहयोगी गौतम राठौर के साथ मिलकर किसान को लोन दिलाने का झांसा दिया और उससे 10 ब्लैंक चेक ले लिए।
फर्जी हस्ताक्षर से निकाली गई रकम
आरोप है कि चांपा स्थित एचडीएफसी बैंक में खाते खुलवाकर, ब्लैंक चेक पर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान लगाकर अलग-अलग किस्तों में रकम निकाली। पहली निकासी 15 जनवरी 2015 को 51 हजार रुपए की गई थी। धीरे-धीरे कुल 42 लाख 78 हजार रुपए निकाल लिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि 7.5 लाख रुपए विधायक बालेश्वर साहू की पत्नी आशा साहू के खाते में ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित किसान को धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई, जब 2020 में एचडीएफसी बैंक चांपा से कॉल आया और पूछा गया कि क्या उन्होंने विधायक को रकम निकालने की अनुमति दी है। इसके बाद किसान ने बैंक जाकर दस्तावेज निकाले और विधायक से संपर्क किया। (Jaijaipur Congress MLA Arrested)
यह भी पढ़ें:- उद्योगों से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: CM साय, 8 लाख करोड़ के निवेश से रोजगार की नई इबारत
विधायक ने 6 महीने में ब्याज समेत राशि लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की गई। पीड़ित की शिकायत पर चांपा पुलिस ने किसान, उनकी पत्नी, माता और बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। जांच में यह भी प्रमाण मिला कि 24 जनवरी 2020 की एक निकासी पर्ची में विधायक का मोबाइल नंबर दर्ज था, जिससे उनकी भूमिका स्पष्ट हुई। इसके आधार पर 3 अक्टूबर 2025 को चांपा थाना में अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। विधायक बालेश्वर साहू ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने 9 जनवरी 2026 को दो संदूक चालान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा की कोर्ट में पेश किया।

चालान स्वीकार होने के बाद न्यायालय ने जेल वारंट जारी किया। विधायक की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जांजगीर जिला जेल दाखिल कराया गया। वहीं सह-आरोपी गौतम राठौर फिलहाल जमानत पर बाहर है। जांजगीर-चांपा SP विजय पांडेय ने बताया कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। सभी दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और गवाहों के बयान के आधार पर चालान पेश किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, जो भी गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक बालेश्वर साहू को पहले कोर्ट से राहत मिली थी, लेकिन कोर्ट ने अब उनकी जमानत रद्द कर दी, जिसके चलते उन्हें जेल जाना पड़ा। CM साय ने कहा कि ये मामला उनके विधायक बनने से पहले का है।



