Google Analytics —— Meta Pixel

हिमाचल प्रदेश में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 14 की मौत, इंदौर में पूर्व गृह मंत्री की बेटी समेत तीन की गई जान

Accident in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिपुरधार के पास एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे 14 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 52 लोग घायल हो गए। घायलों में 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें IGMC शिमला रेफर किया गया है। सिरमौर की डीसी प्रियंका ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा बस के फिसलने से हुआ प्रतीत हो रहा है। हादसे के वक्त 39 सीटर बस में 66 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह दुर्घटना दोपहर करीब 2:45 बजे हरिपुरधार बाजार से लगभग 100 मीटर पहले हुई। 

यह भी पढ़ें:- जैजैपुर कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू गिरफ्तार, 42.78 लाख की धोखाधड़ी केस में 22 जनवरी तक भेजे गए जेल 

बस में शिमला के कुपवी और सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र के यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक जीत कोच नाम की प्राइवेट बस शिमला से सुबह 7:30 बजे रवाना हुई थी। यह बस शिमला-सोलन-सिरमौर मार्ग से होते हुए कुपवी जा रही थी। कुपवी से करीब 28 किलोमीटर पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बस के नीचे 5 से ज्यादा यात्री दबे हुए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने बस को पलटकर बाहर निकाला। इनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल और हरिपुरधार अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। (Accident in Himachal Pradesh)

हादसे में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस के परखच्चे उड़ गए। छत चेसिस से अलग हो गई। पीछे के दोनों टायर अलग होकर दूर जा गिरे। डीसी प्रियंका ने बताया कि नाहन से अतिरिक्त मेडिकल टीमें हरिपुरधार अस्पताल भेजी गई। वहीं संगड़ाह थाना प्रभारी प्रीतम ने बताया कि कई घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज हरिपुरधार, राजगढ़ और नाहन के अस्पतालों में चल रहा है। संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने कहा कि हादसे वाली जगह पर घना कोहरा जमा था, जिससे बस के फिसलने की आशंका है। हालांकि उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट जांच के बाद ही हादसे के असली कारणों का पता चलेगा।

पोश त्योहार के लिए घर लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि कुपवी क्षेत्र में मनाए जाने वाले पोश त्योहार के चलते सोलन और शिमला में रह रहे लोग अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों में चंजाह गांव की हिमांशी, प्रमिला देवी, धौलट गांव की हीमा, पाब गांव का सनम, बाचेर का बाग का बलवीर सिंह, जुडू शिलान गांव का विलाम सिंह, कांडा बाणा गांव का सूरत सिंह, डौंची कोठियाना गांव का सुमन, बोरा गांव का रमेश, रियांशी, नोहरा बोरा गांव का कियान, चोरस गांव का मोहन सिंह औक पंजाह गांव की प्रियंका शामिल हैं। एक महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। (Accident in Himachal Pradesh)

PM ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए, घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। हादसे पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने शोक जताया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत कई नेताओं ने भी संवेदना व्यक्त की है। (Accident in Himachal Pradesh)

पूर्व गृह मंत्री की बेटी समेत तीन की मौत

इधर, मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन (26), प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल (25) और मानसंधु (26) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे रालामंडल क्षेत्र में हुआ। डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी के मुताबिक ग्रे रंग की नेक्सन कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव अंदर ही फंस गए।

बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे, कार से मिली शराब

पुलिस के मुताबिक चारों दोस्त कोको फार्म में प्रखर का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। कार प्रखर चला रहा था। वाहन से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नशे को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में नाकाबंदी कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही बाला बच्चन एमवाय अस्पताल पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। शुक्रवार शाम कासेल में प्रेरणा बच्चन की अंतिम यात्रा निकली, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। बाला बच्चन ने बेटी को मुखाग्नि दी। प्रखर कासलीवाल का अंतिम संस्कार इंदौर के तिलक नगर मुक्तिधाम में किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व CM कमलनाथ समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में बाला बच्चन जी के साथ हूं।

Back to top button
error: Content is protected !!